समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने फर्जी एनकाउंटर किए हैं, सपा सरकार में उनके खिलाफ जांच की जाएगी और सख्त कार्रवाई होगी.

अखिलेश यादव का बीजेपी पर हमला
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक हलचल काफी तेज हो गई है. अब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार और केंद्र की बीजेपी सरकार पर हमला बोला है. अखिलेश यादव ने रोजगार से लेकर कानून-व्यवस्था और पेट्रोल मिलावट से लेकर देश की नीति तक के मुद्दों पर सरकार को घेरा है.
नौकरी देने में फेल रही बीजेपी- अखिलेश यादव
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि योगी सरकार और बीजेपी सरकार दोनों ही युवाओं को नौकरी देने में फेल रही हैं. उन्होंने दावा किया कि अगर उनकी पार्टी प्रदेश की सत्ता को संभालती है तो युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार दिया जाएगा. इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा है कि सरकार बनने के बाद एम्बुलेंस सेवा को राज्य में और भी बेहतर बनाया जाएगा और गरीब लोगों को मुफ्त इलाज दिया जाएगा.
पेट्रोल-डीजल में हो रही मिलावट
अखिलेश यादव ने पेट्रोल को लेकर भी सरकार पर आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि आज कल पेट्रोल और डीजल में मिलावट हो रही है, जिसके कारण गाड़ियों के इंजन खराब हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि सरकार की कमजोर विदेश नीति के कारण देश को अमेरिका की बातें सुननी पड़ रही हैं और उन्हें मानने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि भारत के पास अपनी इंटरनेशनल पहचान को मजबूत करने का मौका था, लेकिन वो खो दिया है.
एनकाउंटर करने वालों पर होगी कार्रवाई
अखिलेश यादव ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी काफी कड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि सरकार में जिन लोगों ने फर्जी एनकाउंटर किए हैं, सपा सरकार में उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. अखिलेश यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी ने पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के अधिकारों और आरक्षण को कमजोर करने का काम किया है.
