Subodh Uniyal Apologises To Daler Mehndi: उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल ने कुंजापुरी मेले में हुए विवाद पर दलेर मेहंदी से फोन पर माफी मांग ली है. गायक मीका सिंह की टीम ने बयान जारी कर इस कदम का स्वागत किया.

Subodh Uniyal Apologises To Daler Mehndi: उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और मशहूर गायक दलेर मेहंदी के बीच कुंजापुरी देवी मेले में हुआ विवाद अब शांत होता नजर आ रहा है. मंत्री सुबोध उनियाल ने फोन पर बातचीत के दौरान सिंगर दलेर मेहंदी से माफी मांग ली है. इससे पहले राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी खुद मेहंदी भाइयों से बात की थी और इस पूरे वाकये पर मंत्री की तरफ से खेद जताया था. इस बात की जानकारी मीका सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी थी. अब सुबोध उनियाल द्वारा फोन करके माफी मांगे जाने के बाद विवाद सुलझने के आसार बढ़ गए हैं.
मीका सिंह की टीम ने जारी किया आधिकारिक बयान
मंत्री सुबोध उनियाल के माफी मांगने के बाद गायक मीका सिंह की टीम ने एक बयान जारी किया है. बयान में कहा गया कि वे मंत्री के इस कदम की सराहना करते हैं. किसी भी मंच पर कलाकारों की गरिमा और उनके सम्मान की रक्षा होना बहुत जरूरी है. दलेर मेहंदी एक वरिष्ठ कलाकार हैं और उन्होंने संगीत की दुनिया में बड़ा योगदान दिया है. हर कलाकार के साथ हमेशा सम्मानपूर्वक व्यवहार किया जाना चाहिए. टीम ने उम्मीद जताई कि यह मामला अब हमेशा के लिए यहीं खत्म हो जाएगा.
क्या था पूरा विवाद और मंच पर क्या हुआ था?
यह पूरा मामला 18 अक्टूबर को नवरात्रि के पावन अवसर पर शुरू हुआ था. टिहरी गढ़वाल में प्रसिद्ध कुंजापुरी देवी मेले का आयोजन किया गया था. जहां दलेर मेहंदी लाइव परफॉर्मेंस दे रहे थे. इसी दौरान मंत्री सुबोध उनियाल अचानक मंच पर पहुंच गए. उन्होंने शो को बीच में ही रुकवा दिया. मंत्री ने आरोप लगाया कि दलेर मेहंदी शराब के नशे में हैं और केवल लिप-सिंक कर रहे हैं. इसके बाद यह मामला काफी तूल पकड़ गया था.
मीका सिंह ने जताई थी कड़ी आपत्ति
अपने बड़े भाई के समर्थन में उतरते हुए सिंगर मीका सिंह ने मंत्री के व्यवहार पर कड़ा एतराज जताया था. मीका सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी. जिसमें उन्होंने कहा था कि उनके भाई ने जीवन में कभी शराब को हाथ भी नहीं लगाया है. कार्यक्रम के दिन उनकी तबीयत खराब थी और वे बीमार होने के बावजूद गाना गा रहे थे. मीका ने सवाल उठाया था कि किसी वरिष्ठ और सम्मानित कलाकार के साथ सार्वजनिक मंच पर इस तरह का व्यवहार कैसे किया जा सकता है.
पहले अपने बयान पर अड़े हुए थे मंत्री
शुरुआत में मंत्री सुबोध उनियाल अपने दिए बयान पर पूरी तरह कायम थे. उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि अगर कलाकार की तबीयत खराब थी, तो उन्हें आयोजकों या दर्शकों को पहले ही बता देना चाहिए था. हालांकि, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हस्तक्षेप और मामले के लगातार बिगड़ने के बाद अब मंत्री ने अपनी गलती मान ली है. उन्होंने दलेर मेहंदी को सीधे फोन करके माफी मांग ली है.
दलेर मेहंदी ने साधी चुप्पी
दिलचस्प बात यह है कि इस पूरे विवाद पर दलेर मेहंदी ने खुद मीडिया के सामने आकर कोई बात नहीं की है. उनके भाई मीका सिंह और उनकी टीम ही इस मुद्दे पर लगातार जवाब दे रही थी. अब मंत्री सुबोध उनियाल की माफी के बाद यह माना जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच तनाव पूरी तरह खत्म हो जाएगा. सभी लोग आपसी समझ और सम्मान के साथ आगे बढ़ेंगे.
