Nagpur Dating App Extortion Case: नागपुर में डेटिंग ऐप के जरिए एक व्यक्ति को झूठे केस में फंसाकर 3 करोड़ वसूलने की साजिश का खुलासा हुआ है. पुलिस ने मुख्य आरोपी आदित्य गुप्ता को आगरा से गिरफ्तार कर लिया है.

Nagpur Dating App Extortion Case: नागपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहाँ डेटिंग ऐप के जरिए दोस्ती करके एक शख्स को झूठे केस में फंसाने और उससे तीन करोड़ रुपये वसूलने की बड़ी साजिश रची गई थी. इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी आदित्य गुप्ता को उत्तर प्रदेश के आगरा से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने एक 19 साल की लड़की को पांच लाख रुपये का लालच देकर इस पूरी साजिश में मोहरा बनाया था. आइए जानते हैं कि कैसे पुलिस की सूझबूझ से इस सनसनीखेज फर्ज़ीवाड़े का पर्दाफाश हुआ.
ऐसे रची गई थी झूठे केस की साजिश
नागपुर के मोमिनपुरा इलाके में रहने वाली 19 साल की युवती सोशल मीडिया पर रील्स और वीडियो बनाने का काम करती है. वह काफी समय से एक डेटिंग ऐप चला रही थी. इसी ऐप के जरिए उसकी पहचान आगरा के रहने वाले आदित्य गुप्ता से हुई थी. पुलिस जांच में सामने आया है कि आदित्य ने ही लड़की को राजस्थान के रहने वाले इरफान अली के खिलाफ थाने में झूठी शिकायत दर्ज कराने के लिए तैयार किया था. इसके बदले में लड़की को पांच लाख रुपये देने का लालच दिया गया था.
लड़की ने दर्ज कराई थी गंभीर शिकायत
कुछ दिन पहले इस युवती ने पुलिस थाने में जाकर इरफान अली के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे. उसने शिकायत में कहा था कि डेटिंग ऐप के जरिए उसकी पहचान इरफान से हुई थी. युवती का आरोप था कि आरोपी ने उसे नौकरी दिलाने का झांसा दिया और उससे आपत्तिजनक वीडियो ले लिए. इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे परेशान किया जा रहा था. इस शुरुआती शिकायत के आधार पर पुलिस ने इरफान समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था और जांच शुरू कर दी थी.
थाने में आरोपी की दखलअंदाजी से हुआ शक
जांच के दौरान जब पुलिस ने युवती को अपना बयान दर्ज कराने और मोबाइल दिखाने के लिए थाने बुलाया, तो मुख्य आरोपी आदित्य गुप्ता भी उसके साथ पहुंच गया. पूछताछ के दौरान पुलिस को तब शक हुआ जब आदित्य हर सवाल का जवाब खुद देने लगा. उसने पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी ऊंची पहुंच और रसूख का रोब दिखाने की कोशिश की. पुलिस को उसकी इस अजीब और संदिग्ध हरकत पर तुरंत शक हो गया कि दाल में कुछ काला है.
पुलिस की सख्ती से खुला पूरा राज़
शक होने पर पुलिस ने युवती को अकेले में बिठाकर सख्ती से पूछताछ की. पुलिस के डर से लड़की घबरा गई और उसने सारा सच उगल दिया. उसने पुलिस को बताया कि वह इरफान अली को जानती तक नहीं है और सोशल मीडिया पर उससे कभी कोई बात नहीं हुई थी. युवती ने खुलासा किया कि उसने केवल पांच लाख रुपये के लालच में आकर आदित्य के कहने पर यह झूठी शिकायत दर्ज कराई थी.
मास्टरमाइंड आदित्य आगरा से गिरफ्तार
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि इस पूरे खेल का मकसद इरफान को झूठे मामले में फंसाकर उससे तीन करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम ऐंठना था. नागपुर की तहसील पुलिस ने जाल बिछाकर मुख्य आरोपी आदित्य गुप्ता को उत्तर प्रदेश के आगरा से दबोच लिया. अदालत ने आरोपी को पुलिस हिरासत में भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आदित्य के खिलाफ दिल्ली और पुणे में भी ऐसे कई फर्जी मामलों के रिकॉर्ड मिले हैं. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.
