उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में डीजे की तेज आवाज के कारण 140 मुर्गियों की मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले को लेकर डीजे संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.

डीजे की आवाज के मुर्गियों की मौत
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है. जिले में बारात में बज रहे डीजे की तेज आवाज के कारण लगभग 140 मुर्गियों की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक तेज आवाज के कारण पोल्ट्री फार्म में पल रही मुर्गियों की मौत हो गई. जिसके बाद मामले में पीड़ित पोल्ट्री फार्म संचालक ने पुलिस से शिकायत की है. इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.
पोल्ट्री फार्म के सामने से गुजरी बारात
जानकारी के मुताबिक पूरी घटना सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव की है. यहां के निवासी बब्बन विश्वकर्मा की बेटी की 25 अप्रैल को शादी थी, जिसको लेकर कुड़वार थाना क्षेत्र के गांव से बारात आई थी. बताया जा रहा है कि बारात के साथ में तेज आवाज में बजता हुआ डीजे गांव से होकर गुजर रहा था. यह बारात गांव के रहने वाले साबिर अली के पोल्ट्री फार्म के सामने से गुजरी, जिसके कारण मुर्गियों के कानों में डीजे की तेज आवाज पहुंची.
घबराहट से हुई मुर्गियों की मौत
पोल्ट्री फार्म चालक के मुताबिक डीजे की तेज आवाज के कारण पोल्ट्री फार्म में मौजूद मुर्गियां बुरी तरह से डर गईं और घबराहट के कारण 140 मुर्गियों की मौत हो गई. इस घटना के बाद पोल्ट्री फ्रार्म के मालिक ने पुलिस से शिकायत की. पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है. इस मामले में पुलिस ने कुड़वार थाना क्षेत्र के परसीपुर के रहने वाले डीजे के मालिक कवि यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
डीजे संचालक के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि पोल्ट्री फार्म की शिकायत के आधार पर केस दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है. अधिकारियों ने बताया कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस मामले में डीजे संचालक की भूमिका की जांच भी की जा रही है. जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई को किया जाएगा.
यह भी पढे़ं- दोबारा रिमांड पर लिए गए ISI से जुड़े अपराधी, ATS कर रही पूछताछ; बड़े हमलों की थी साजिश
