Rohit sharma warns india: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती स्पिन गेंदबाजों का संतुलन और प्लेइंग इलेवन का सही चयन होगा. रोहित शर्मा ने चेतावनी दी है कि ओस और टीम संयोजन मैचों में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं.

Rohit sharma warns india: टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है. ऐसे में टीम इंडिया को खिताब का मजबूत दावेदार माना जा रहा है. पिछले एक साल में भारतीय टीम ने टी20 क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है. दुनिया की नंबर एक टी20 टीम होने के कारण उम्मीदें भी काफी बढ़ गई हैं. लेकिन पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का मानना है कि यह टूर्नामेंट भारत के लिए उतना आसान नहीं होगा, जितना लोगों को लग रहा है. उनका कहना है कि कुछ अहम फैसले टीम के सफर को मुश्किल बना सकते हैं.
टूर्नामेंट से पहले रोहित शर्मा ने टीम इंडिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती की ओर इशारा किया है. उनके मुताबिक सबसे बड़ा सवाल स्पिन गेंदबाजी को लेकर है. टीम के पास कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती जैसे दो शानदार स्पिनर हैं. दोनों ही मैच विनर माने जाते हैं. लेकिन सवाल यह है कि क्या दोनों को एक साथ खिलाया जाए या पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ एक पर भरोसा रखा जाए. रोहित का मानना है कि यही फैसला टीम मैनेजमेंट के लिए सबसे कठिन होगा.
भारत ने हाल के महीनों में अपने स्पिन अटैक पर काफी भरोसा किया है. वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने मिलकर कई मैचों में विपक्षी टीमों की कमर तोड़ी है. लेकिन रोहित शर्मा ने मौसम को लेकर चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट के दौरान मौसम में बदलाव होगा. शाम के मैचों में ओस की भूमिका अहम रहेगी. ओस के कारण स्पिन गेंदबाजों को गेंद पकड़ने और टर्न निकालने में परेशानी हो सकती है. ऐसे में स्पिन पर ज्यादा निर्भर रहना जोखिम भरा हो सकता है.
रोहित शर्मा ने साफ कहा कि कप्तान सूर्यकुमार यादव और कोच गौतम गंभीर के लिए प्लेइंग इलेवन चुनना आसान नहीं होगा. अगर टीम तीन स्पिनर अक्षर, कुलदीप और वरुण के साथ उतरती है, तो सिर्फ दो तेज गेंदबाजों को खिलाना पड़ेगा. इसका मतलब यह हो सकता है कि अर्शदीप सिंह जैसे अहम तेज गेंदबाज को बाहर बैठना पड़े. ऐसी स्थिति में जसप्रीत बुमराह अकेले स्पेशलिस्ट तेज गेंदबाज रह जाएंगे. हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे को ऑलराउंडर के तौर पर तेज गेंदबाजी का जिम्मा संभालना होगा.

रोहित का मानना है कि इस टीम में हर खिलाड़ी मैच जिताने की काबिलियत रखता है. इसलिए किसी एक को बाहर करना भी बड़ा फैसला होगा. उन्होंने कहा कि यही वजह है कि टीम संयोजन भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा बन सकता है. भारत अपने टी20 वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को अमेरिका के खिलाफ करेगा. ग्रुप स्टेज के मैच मुंबई, दिल्ली, कोलंबो और अहमदाबाद में खेले जाएंगे. अब देखना यह होगा कि टीम मैनेजमेंट किस कॉम्बिनेशन पर भरोसा जताता है.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
