Ajay Rai Health Update: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की शुक्रवार शाम को अचानक तबीयत बिगड़ गई. उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है. वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं. सोडियम कम होने को वजह बताया जा रहा है और उनकी हालत जानने के लिए जांच जारी है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अब उन्हें किसी तरह का खतरा नहीं है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.
आवास पर बिगड़ी तबीयत
बताय जा रहा है कि लखनऊ में एक कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद अपने आवास पर पहुंचे थे. घर पर ही अजय राय बेहोश हो गए थे. बताया जा रहा है कि BP की शिकायत के बाद उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना के समय सुप्रिया श्रीनेत और अविनाश पांडे मौजूद थे.
पीएम मोदी ने जल्दी स्वस्थ होने की कामना
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने अकाउंट से एक पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा… उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय जी के अस्वस्थ होने का समाचार प्राप्त हुआ है। मैं उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
कहां से शुरू किया राजनीतिक सफर
वाराणसी में जन्मे अजय राय ने अपना सियासी सफर भारतीय जनता पार्टी से शुरू किया. 90 के दशक में वाराणसी क्षेत्र से विधायक बने. वो बीजेपी के मजबूत नेताओं में गिने जाते थे. फिर इसके बाद उन्होंने बीजेपी छोड़ सपा का दामन थाम लिया. इसके बाद साल 2012 में वो कांग्रेस में शामिल हो गए. छात्र राजनीति से निकले अजय राय की स्थानीय स्तर पर पकड़ काफी मजबूत मानी जाती है.
वाराणसी से 2014 में लड़ा लोकसभा चुनाव
अजय राय ने वाराणसी सीट से लोकसभा चुनाव-2014 लड़ा. यहां उनके सामने बीजेपी से नरेंद्र मोदी थे. इस चुनाव में अजय राय को बुरी हार का सामना करना पड़ा. हार के बावजूद वो कांग्रेस के स्थानीय मजबूत चेहरे के रूप में उभर कर सामने आए. इसके बाद साल 2023 में कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष बनाया.
ये भी पढ़ें: पीलीभीत में चपरासी का ‘करोड़पति’ खेल खत्म, 7 महिलाओं की गिरफ्तारी के साथ खुला 8 करोड़ के सरकारी धन की हेराफेरी का राज
