Uttar Pradesh voter list: प्रदेश में करीब साढ़े पांच महीने तक चले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) अभियान के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन आज 10 अप्रैल को होने जा रहा है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा इसे औपचारिक रूप से जारी करेंगे. प्रदेश में अंतिम मतदाता सूची में करीब 13.35 करोड़ मतदाता होने का अनुमान है. इस बार की सूची कई मायनों में अहम मानी जा रही है, क्योंकि व्यापक स्तर पर सत्यापन, आपत्तियों के निस्तारण और नए पंजीकरण की प्रक्रिया के बाद मतदाताओं का स्वरूप बदला हुआ दिखेगा.
यह संख्या वर्ष 2025 की मतदाता सूची की तुलना में लगभग दो करोड़ से कम हो सकती है. बड़ी संख्या में नाम कटने के पीछे मृतक, स्थानांतरित, डुप्लीकेट और अप्रमाणित मतदाताओं को हटाया जाना प्रमुख कारण है.
10 अप्रैल को अहम बैठक
अधिकारियों के मुताबिक, 10 अप्रैल को सुबह 11 बजे सभी जिला निर्वाचन अधिकारी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठक करेंगे. इस दौरान अंतिम मतदाता सूची की प्रतियां वितरित की जाएंगी और इसकी पुष्टि मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजी जाएगी.
2.89 करोड़ नाम हटाए गए
एसआइआर अभियान पिछले वर्ष 27 अक्टूबर से शुरू होकर चरणबद्ध तरीके से संचालित किया गया. छह जनवरी को जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल 15.44 करोड़ मतदाताओं में से 2.89 करोड़ नाम हटा दिए गए थे, जिससे ड्राफ्ट सूची में 12.55 करोड़ मतदाता रह गए थे. इसके बाद दावों और आपत्तियों की प्रक्रिया के तहत व्यापक सुनवाई की गई.
पुनरीक्षण के दौरान वर्ष 2003 की मतदाता सूची से जिन 1.04 करोड़ मतदाताओं के रिकार्ड उपलब्ध नहीं हो सके और 2.22 करोड़ तार्किक विसंगति वाले मामलों की जांच की गई. संबंधित मतदाताओं को दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया, लेकिन जो लोग निर्धारित समय में प्रमाण नहीं दे सके, उनके नाम अंतिम सूची से बाहर किए गए हैं. मतदाता सूची में नाम शामिल करने के लिए बड़ी संख्या में आवेदन भी प्राप्त हुए हैं. 27 अक्टूबर से छह मार्च के बीच नए मतदाता बनने के लिए 86.69 लाख फार्म-6 जमा किए गए, जबकि 3.18 लाख लोगों ने अपने या अन्य के नाम हटाने के लिए फार्म-7 दाखिल किए. इन आवेदनों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची में नए मतदाताओं का बड़ा वर्ग भी शामिल होगा.
कैसे चेक करें?
फाइनल वोटर लिस्ट आने के बाद आप इसे आसानी से ऑनलाइन देख सकते हैं. तरीका इस प्रकार है:
1- आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं: https://voters.eci.gov.in/ या https://electoralsearch.in/
2-वोटर लिस्ट या Electoral Roll सेक्शन में जाएं.
3- अपना राज्य चुनें: Uttar Pradesh
4-Roll Type में Final Roll 2026 या SIR Final Roll 2026 सिलेक्ट करें.
5-अपना जिला, विधानसभा क्षेत्र और बूथ नंबर चुनें या अपना नाम, पिता/पति का नाम और उम्र डालकर सर्च करें.
6- PDF फॉर्मेट में सूची डाउनलोड करके अपने नाम की जांच करें.
ये भी पढ़ें: कर्नल श्रीकांत पुरोहित को मिला प्रमोशन, ब्रिगेडियर रैंक के लिए मंजूरी; रिटायरमेंट को किया गया स्थगित
