UP Weather Update Today: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का असर तेजी से बढ़ने लगा है और तेज धूप लोगों के लिए मुश्किलें खड़ी कर रही है. गर्म हवाओं और लू के कारण मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की है. आने वाले 24 घंटे मौसम के लिहाज से काफी चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं. फिलहाल मौसम में राहत मिलने के कोई स्पष्ट संकेत नजर नहीं आ रहे हैं. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 20 अप्रैल के लिए उत्तर प्रदेश के एक बड़े हिस्से में भीषण गर्मी और लू का रेड अलर्ट जारी किया है. सूरज की सीधी किरणें और राजस्थान की ओर से आ रही गर्म पछुआ हवाओं ने मैदानी इलाकों को भट्टी की तरह तपा दिया है.
इन जिलों के लिए लू का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज सोमवार को उत्तर प्रदेश के वाराणसी, भदोही, मिर्जापुर, जौनपुर, देवरिया, गोरखपुर में लू चलने की अलर्ट जारी किया गया है. आसमान से बरसती आग और झुलसाने वाली हवाओं के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है, खासकर दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है.
कई जिलों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार
मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है और अगले 24 से 48 घंटों में इसके 45 डिग्री के भी ऊपर जाने की प्रबल संभावना है. मौसम विभाग ने आज पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है.
प्रयागराज से बांदा तक लू का सितम
यूपी में इस समय सबसे बुरा हाल प्रयागराज और बुंदेलखंड के जिलों का है. मौसम विभाग के अनुसार, 20 अप्रैल को बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज और प्रतापगढ़ में भीषण लू चलने की संभावना है. यहां दोपहर के समय चलने वाली गर्म हवाएं शरीर को झुलसा देने वाली हैं. इन जिलों में प्रशासन ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने और दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है.
लखनऊ और मध्य यूपी
राजधानी लखनऊ और कानपुर में भी गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ना शुरू कर दिया है. मौसम विभाग का अनुमान है कि 20 अप्रैल को लखनऊ में आसमान बिल्कुल साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. कानपुर मंडल में भी 20 से 24 अप्रैल के बीच तापमान 43 डिग्री पर पहुंच सकता है.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश
बात करें पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तो आगरा, मथुरा और मेरठ मंडल में भी गर्मी का प्रकोप कम नहीं है. आगरा में पारा 43 डिग्री के ऊपर बना हुआ है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर और बिजनौर जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में 20 अप्रैल को ‘उष्ण रात्रि’ की स्थिति बनी रहेगी, यानी रात का तापमान भी सामान्य से काफी अधिक रहेगा. इटावा और आसपास के इलाकों में 10 से 15 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी.
क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स
मौसम विशेषज्ञों की मानें तो इस बढ़ती गर्मी के पीछे दो प्रमुख कारण हैं. लगातार चल रही शुष्क पछुआ हवाएं वातावरण में नमी को कम कर रही हैं, जिससे गर्मी का असर और ज्यादा हो रहा है. इसके साथ ही आंतरिक महाराष्ट्र के ऊपर बने प्रति-चक्रवाती दबाव के कारण प्रदेश में तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. बारिश की कोई संभावना न होने की वजह से विशेषकर दक्षिणी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे भी अधिक पहुंच सकता है.
क्या सावधानियां बरतें?
मौसम विभाग ने सलाह दी है कि लोग दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच सीधे धूप में निकलने से बचें. खूब पानी और तरल पदार्थ पिएं. इसके साथ ही, किसानों को फसलों में नमी बनाए रखने के लिए शाम के समय हल्की सिंचाई करने की सलाह दी गई है.
ये भी पढ़ें: कहीं लू के थपेड़े, कहीं ठंडी फुहारें! उत्तराखंड में मौसम ने बदली करवट, पहाड़ों पर बारिश से कब मिलेगी राहत?
