UP Weather: मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में सोमवार यानी कि 22 जून से बड़ा फेरबदल होने जा रहा है. एक तरफ जहां राजधानी लखनऊ समेत मध्य और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कई हिस्से भीषण लू की चपेट में झुलसेंगे, वहीं दूसरी तरफ पूर्वी यूपी के कई जिलों में बादलों की कड़कड़ाहट के साथ राहत की फुहारें बरसने वाली हैं. उत्तर प्रदेश में मानसून में देरी हो रही है जिसकी वजह से भीषण गर्मी हो रही और इसके कारण तराई वाले इलाके भी अब लू की चपेट में आने लगे हैं. रविवार को तराई का बहराइच और लखीमपुर समेत पूर्वी यूपी के प्रयागराज,वाराणसी, गाजीपुर लगातार दूसरे दिन लू की चपेट में रहे. मौसम विभाग के मुताबिक इन इलाकों में फिलहाल अगले दो दिन भीषण गर्मी से राहत के संकेत नहीं हैं.
यूपी में आज मौसम कैसा रहेगा
आज के मौसम की बात करें तो सोमवार के लिए बांदा, प्रयागराज, वाराणसी, झांसी समेत प्रदेश के 39 जिलों में लू चलने का यलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान बांदा में 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा प्रयागराज में 42.5 डिग्री, वाराणसी में 42.4 डिग्री और झांसी में 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गयाय मौसम विभाग ने सोमवार के लिए 39 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है. क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक फिलहाल तीन दिनों तक प्रदेश के पूर्वी और तराई हिस्सों समेत अलग-अलग हिस्सों में लू और तेज गर्मी का असर बना रहेगा. इसके बाद मानसूनी सक्रियता का दौर शुरू होने के आसार हैं.
लू का अलर्ट
जिन जिलों में लू का प्रकोप बना रहेगा वो जिले हैं, चित्रकूट, बांदा, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़,मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, भदोही, गाजीपुर, आजमगढ़, बलिया, मऊ, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती कुशीनगर, संतकबीरनगर,महाराजगंज, सिद्धार्थनगर,बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच लखीमपुर खीरी,हरदोई,लखनऊ, सीतापुर, कानपुर नगर, उन्नाव, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर और आस पास के इलाके.
इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग द्वारा जारी की गई आधिकारिक मौसम प्रणाली रिपोर्ट और मुख्य बुलेटिन के अनुसार, इस समय उत्तर भारत में मानसून की सुस्त चाल के बीच स्थानीय चक्रवातीय सिस्टम सक्रिय हुआ है. बारिश मौसम विभाग की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 22 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में छिटपुट से लेकर व्यापक रूप से बारिश दर्ज किए जाने की प्रबल संभावना है. मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, बस्ती जिले में 22 और 23 जून को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है.
पश्चिमी यूपी का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 21 जून से लेकर 25 जून के दौरान मौसम पूरी तरह से शुष्क और गर्म बना रहेगा, जिससे तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी. बरेली और मेरठ में मुख्य रूप से आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 39°C से 40°C के बीच रहेगा. इन जिलों के लिए फिलहाल मौसम विभाग की तरफ से कोई गंभीर चेतावनी जारी नहीं की गई है.
ये भी पढ़ें: भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पुलिस की बहुत बड़ी कार्रवाई, मृतक के पिता भाई और मुखिया समेत 64 लोगों पर ठोक दी 3 FIR
