UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मानसूनी गतिविधियां कमजोर पड़ गई थीं, लेकिन अब मौसम एक बार फिर बदलने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक 27 जुलाई से प्रदेश में मानसून दोबारा सक्रिय होगा, जिससे कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है. तराई क्षेत्र के कुछ इलाकों में भारी बारिश भी दर्ज की जा सकती है.मौसम विभाग (IMD) की रिपोर्ट के अनुसार आज दिन के समय तापमान 34°C से 36°C के बीच रहने का अनुमान है. न्यूनतम तापमान की बात करें तो रात के समय तापमान गिरकर 28°C से 29°C तक आ सकता है.अगर आप घर से बाहर निकलने की प्लानिंग कर रहे हैं तो आपको पहले मौसम अपडेट जरूर देख लेना चाहिए. उत्तर प्रदेश में आज जबरदस्त बारिश होने वाली है. इसके साथ ही आंधी भी आएगी. जानिए आपके शहर में मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है?
यूपी का मौसम कैसा रहेगा?
26 जुलाई को प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश की चेतावनी जारी नहीं की गई है. हालांकि 27 जुलाई से मौसम का मिजाज बदलना शुरू हो जाएगा और कई जिलों में रुक-रुक कर तेज बारिश हो सकती है. बारिश बढ़ने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी, साथ ही खेती-किसानी के लिए भी यह मौसम फायदेमंद साबित हो सकता है.क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मानसून ट्रफ के उत्तर दिशा की ओर खिसकने और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के मजबूत होने से बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी. इसके प्रभाव से 27 से 30 जुलाई के बीच पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में व्यापक वर्षा होने के आसार हैं.
लखनऊ-कानपुर का मौसम
राजधानी में दिन के समय उमस काफी अधिक रहेगी. दोपहर बाद बिखरी हुई गरज-चमक की संभावना है, जो रात को बढ़कर 50 फीसदी तक हो सकती है. बाहर निकलते समय छाता साथ रखें. कानपुर में सुबह से ही आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. दिन का तापमान 36°C तक जाएगा, लेकिन भारी उमस के कारण यह 45°C से अधिक महसूस हो सकता है. शाम या रात के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की उम्मीद है
नोएडा का मौसम
दिल्ली-एनसीआर के इस क्षेत्र में आज धूप और छांव का खेल जारी रहेगा. दोपहर के आसपास कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ छिटपुट बारिश (Scattered Rain) की संभावना है.
वाराणसी का भी जानें हाल
पूर्वांचल के इस हिस्से में आज बाकी शहरों की तुलना में गर्मी और उमस का असर ज्यादा रहेगा. अधिकतम तापमान 37°C तक जा सकता है. दोपहर के समय 30% तक गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है, जिससे कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है.
ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में बारिश से भरे गड्ढे में डूबने से 6 साल के मासूम की मौत, प्राधिकरण की बड़ी लापरवाही!
