Uttarakhand Aaj Ka Mausam: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता हुआ दिखाई दे रहा है. आईएमडी के अनुसार पहाड़ी इलाकों में हल्की ठंडक तो मैदानी इलाकों में तपिश का अहसास होगा. आज मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा और पारा बढ़ सकता है. 11 जून से मौसम में बदलाव आएगा. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के देहरादून केंद्र द्वारा जारी किए गए ताजा बुलेटिन और मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, आज यानी 8 जून को राज्य के पांच पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से लेकर हल्की बारिश होने की पूरी संभावना जताई गई है.
आज कैसा रहेगा उत्तराखंड का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे ऊंचाई वाले सीमांत जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जिससे इन क्षेत्रों के तापमान में गिरावट बनी रहेगी. इसके विपरीत, देहरादून, हरिद्वार, और उधम सिंह नगर जैसे राज्य के बाकी मैदानी जिलों में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहने की उम्मीद है, जिससे वहां के निवासियों को तेज धूप और उमस का सामना करना पड़ेगा.
जानिए तापमान का हाल
आज राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान मुख्यतः साफ रहने से लेकर आंशिक रूप से बादल छाए रहने तक की स्थिति बनी रहेगी. आज का औसत अधिकतम तापमान 37°C और न्यूनतम तापमान 23°C के आसपास रहने का अनुमान लगाया गया है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रिकॉर्ड किया गया, जबकि पर्वतीय इलाकों में यह सामान्य से काफी कम दर्ज हुआ है. आने वाले दिनों के लिए मौसम विभाग ने एक बड़ा अपडेट दिया है कि उत्तराखंड के ज्यादातर हिस्सों में अगले दो से तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 1°C से लेकर 3°C तक बढ़ सकता है.
केदारनाथ में कड़ाके की ठंड, रूड़की रहा सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों में उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में तापमान का भारी अंतर देखने को मिला है. जहां मैदानी इलाके के हरिद्वार जिले में स्थित रुड़की में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया, वहां का अधिकतम पारा 37.8°C दर्ज किया गया. वहीं दूसरी तरफ, बाबा केदारनाथ जी के धाम में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जहां पारा गिरकर महज 5.4°C पर पहुंच गया.
11 जून से फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 11, 12 और 13 जून को उत्तराखंड के पहाड़ी जनपदों के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना काफी बढ़ जाएगी. सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि इस दौरान राज्य के मैदानी जनपदों में भी मौसम करवट लेगा और वहां भी कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. यानी 11 जून के बाद मैदानी इलाकों के लोगों को बढ़ती हुई तपिश और उमस भरी गर्मी से एक बार फिर बड़ी राहत मिल सकती है.
ये भी पढ़ें: सीएम योगी की बड़ी चिंता: शहरों से गायब हो रहे जुगनू, गौरैया और मैना; बोले- प्रकृति का संतुलन बचाना जरूरी
