पश्चिम बंगाल चुनाव में वोटिंग के दौरान सिलीगुड़ी में बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हुआ है. जिसके बाद CAPF के जवानों ने कार्रवाई करते हुए भीड़ और लोगों को तितर-बितर किया.

बंगाल में पहले चरण का मतदान
पश्चिम बंगाल में आज विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान हो रहा है. पहले चरण में आज 152 सीटों पर मतदान हो रहा है. आज पश्चिम बंगाल में पहले चरण के चुनाव में 1 हजार 478 उम्मीदवार हैं. 152 निर्वाचन क्षेत्रों में 44 हजार से ज्यादा मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं. इन सभी मतदान केंद्रों में 384 मतदान केंद्रों को काफी संवेदनशील माना जा रहा है.
सिलीगुड़ी में विवाद
पश्चिम बंगाल में पहले चरण के चुनाव के दौरान सिलीगुड़ी के जगदीश चंद्र विद्यापीठ में मौजूद बूथ संख्या 26/237 पर बवाल सामने आया है. जानकारी के मुताबिक बूथ नंबर 26/237 पर वोटिंग की प्रक्रिया चल रही थी. इसी दौरान मतदान केंद्र के बाहर बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं के बीच बहसबाजी शुरू हो गई. कुछ ही समय में यह विवाद गरमाता दिखाई दिया.
CAPF के जवानों ने की कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक बहसबाजी के दौरान अचानक माहौल गरमा गरम हो गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई. इस घटना के दौरान इलाके से बीजेपी के उम्मीदवार शंकर घोष भी मौके पर मौजूद थे. इस दौरान स्थिति को बिगड़ते देख तुरंत ही CAPF के जवानों ने कार्रवाई करते हुए भीड़ और लोगों को तितर-बितर किया और स्थित को नियंत्रण में लिया.
यह इलाका माना जा रहा संवेदनशील
पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान सशस्त्र बल लगातार निगरानी कर रहे हैं. किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निपटने के लिए जवान पूरी तरह तैयारी में हैं. सिलीगुड़ी में बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच विवाद के दौरान जवानों ने तुरंत ही एक्शन लेते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया है. जिसके बाद मतदान की प्रक्रिया को सुचारू रूप से फिर शुरू कराया गया. आपको बता दें कि सिलीगुड़ी का यह इलाका काफी संवेदनशील माना जा रहा है और इसको लेकर सुरक्षा भी बढ़ाई गई है.
