पश्चिम बंगाल चुनाव में पहले चरण का मतदान हो गया है. इस दौरान राज्य में बंपर वोटिंग हुई है. पहले चरण के दौरान पश्चिम बंगाल में 91.40% मतदान हुआ है. बंगाल में पिछले चुनावों में भी अच्छे स्तर पर मतदान हो चुका है.

पहले चरण का मतदान संपन्न
पश्चिम बंगाल में आज यानी 23 अप्रैल को पहले चरण का चुनाव संपन्न हो गया है. पहले चरण में राज्य के 16 जिलों की 152 सीटों पर वोटिंग हुई है. पहले चरण के चुनाव में 1 हजार 478 उम्मीदवार हैं. 152 निर्वाचन क्षेत्रों में 44 हजार से ज्यादा मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं. इन सभी मतदान केंद्रों में 384 मतदान केंद्रों को काफी संवेदनशील माना जा रहा था.
कई जगहों पर हुई भिड़ंत
राज्य में मतदान के दौरान कई जगहों से हिंसा और विवाद की खबरें भी सामने आई हैं. कई जगहों पर बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच में भिड़ंत हुई है, तो वहीं किसी जगह पर हुमायूं कबीर के ऊपर हमला किया गया है. राज्य की कई जगहों पर विवाद हुआ है. हालांकि CAPF के जवानों ने तुरंत ही एक्शन लेते हुए स्थिति को काबू में करके हालातों को सामान्य किया और मतदान तो जारी रखवाया.
पहले चरण में 91.40% मतदान
बंगाल में पहले चरण का चुनाव पूरा हो गया है और इस दौरान बंगाल की जनता ने बंपर वोटिंग की है. पहले चरण के दौरान बंगाल में लगभग 91.40% वोट पड़ा है. यह आंकड़ा अपने आप में बेहद खास बन गया है. पश्चिम बंगाल में इस बार के चुनाव में एक नया रिकॉर्ड बन गया है. पहले चरण में 91.40% लोगों ने अपने वोट का इस्तेमाल किया है और केंद्रों पर जाकर मतदान किया है.
29 अप्रैल को होना है दूसरा चरण
चुनाव को लेकर इस समय पूरे देश की नजरें बंगाल के ऊपर टिकी हुई हैं. सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी के बीच बेहद जबरदस्त मुकाबला नजर आ रहा है. इस दौरान सीएम ममता बनर्जी लगातार बीजेपी को लेकर बयान दे रही हैं, तो वहीं बीजेपी के नेता भी लगातार ममता सरकार के ऊपर हमला बोल रहे हैं. फिलहाल पहले चरण का चुनाव पूरा हो गया है. अब बंगाल में अगले और अंतिम चरण का चुनाव 29 अप्रैल को होना है और 4 मई को नतीजे घोषित होने वाले हैं.
कितने बजे तक कितना मतदान?
आपको बता दें कि सुबह से ही बंगाल में जोरदार मतदान हो रहा है. दोपहर 3 बजे तक 78.77% वोटिंग हो चुकी थी जो शाम 5 बजे तक ये बढ़कर 89.93% पहुंच गई. कुछ जिलों में रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग हुई है. जैसे दक्षिण दिनाजपुर में 93.12%, कूचबिहार 92.07%, बीरभूम 91.55%, मुर्शिदाबाद 91.36% और जलपाईगुड़ी 91.20% और पश्चिम मेदिनीपुर में 90% के ऊपर मतदान हुआ है.
पिछले चुनावों में कितने फीसदी हुआ था मतदान?
आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में पिछले चुनावों में भी अच्छे स्तर पर वोटिंग हो चुकी है. पिछले चुनावों में इस तरह से हुआ था मतदान-
- 2011 विधानसभा चुनाव- 2011 में विधानसभा चुनावों में पश्चिम बंगाल में 84.33% वोटिंग हुई थी. इस दौरान ममता बनर्जी राज्य की सत्ता में आई थीं.
- 2016 विधानसभा चुनाव- 2016 में विधानसभा चुनावों में पश्चिम बंगाल में 83.02% वोटिंग हुई थी. इस चुनाव में भी TMC ने बड़ी जीत हासिल की थी.
- 2021 विधानसभा चुनाव- 2016 में विधानसभा चुनावों में पश्चिम बंगाल में 82.30% वोटिंग हुई थी.
यह भी पढे़ं- धामी सरकार का सख्त रुख! चारधाम यात्रा पर झूठी खबर फैलाने पर FIR; सोशल मीडिया पर 24×7 निगरानी
