पश्चिम बंगाल में अभिषेक बनर्जी के ऊपर हमले के दूसरे दिन टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी के ऊपर हमले की खबर सामने आई है. वहीं बीजेपी ने उनके दावों को झूठा बताया और कहा कि वे ड्रामा कर रहे हैं.

टीएमसी सांसद पर हमला
पश्चिम बंगाल की राजनीति में इन दिनों काफी हलचल मची हुई है. शनिवार को तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी के ऊपर हमला हुआ है. अब आज यानी रविवार को तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी पर हमले की जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि हुगली स्थित चंडीतला पुलिस स्टेशन के सामने उनके ऊपर हमला किया गया है, जिसके बाद बंगाल की राजनीति तेज हो गई है.
गेंद जैसी चीज से सिर पर हमला
TMC सांसद ने आरोप लगाया है कि उनके ऊपर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने हमला किया है और उनके सिर पर गेंद जैसी चीज मारकर चोट पहुंचाई है. वहीं इस मामले को लेकर बीजेपी का कहना है कि कल्याण बनर्जी घायल नहीं हुए हैं, बल्कि वे सिर्फ ड्रामा कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के संबंध और गिरफ्तार टीएमसी नेता, कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग को लेकर कल्याण बनर्जी चंडीतला थाना ज्ञापन देने पहुंचे थे.
ज्ञापन देने से पहले नारेबाजी
बताया जा रहा है कि इसी दौरान ज्ञापन देने से पहले तृणमूल और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नारेबाजी होने लगी. जानकारी के मुताबिक बीजेपी कार्यकर्ताओं ने TMC कार्यकर्ताओं के खिलाफ “चोर-चोर” के नारे लगाए, जिसके बाद माहौल खराब होने लगा. बताया जा रहा है कि इसी दौरान किसी ने उनके ऊपर गेंद या पत्थर जैसी चीज से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर पर चोट आई है.
वे ड्रामा कर रहे हैं- बीजेपी
जिसके बाद कल्याण बनर्जी ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने जा रहे लोगों पर हमला किया जा रहा है. वहीं दूसरी तरफ बीजेपी ने कल्याण बनर्जी के दावों को झूठा बताया है. बीजेपी के मुताबिक कल्याण बनर्जी ड्रामा कर रहे हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है.
यह भी पढे़ं- नई गर्लफ्रेंड बन गई मौत की वजह! दोस्तों ने युवक को उतारा मौत के घाट; सिरगेट पीने के बहाने बुलाया
