देश में हमें आए दिन कई अजीबोगरीब घटनाएं सुनने में आती हैं और दिखाई देती हैं. एक ऐसी ही घटना हरियाणा के कैथल से सामने आई है. कैथल जिले में एक सूटकेस के अंदर एक युवती का शव मिला है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.
हरियाणा के कैथल के पास सिला खेड़ा ड्रेन में एक इंसानियत को झकझोर कर रख देने वाली घटना सामने आई है. बुधवार को एक सूटकेस के अंदर एक युवती का शव मिला है जिसके बाद पूरे इलाके में बुरी तरह से हड़कंप मच गया है. शव मिलने वाली युवती की उम्र लगभग 30 साल के आस-पास बताई जा रही है. आपको बता दें कि युवती के शव को एक नीले रंग के सूटकेस में बंद करके ड्रेन में फेंक दिया गया था.
पुलिस को कैसे मिली सूचना
जानकारी के मुताबिक ड्रेन के पास से गुजरने वाले लोगों ने एक संदिग्ध सूटकेस को देखा, जिसके बाद में लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई तो तुरंत ही उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी. जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई और ड्रेन में पड़े उस सूटकेस को बाहर निकलवाया. जब पुलिस ने उस सूटकेस को खोला तो उसके अंदर एक युवती का शव बरामद हुआ, जिसे देखकर सभी हैरान रह गए.
किसी और जगह हुई थी युवती की हत्या
पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू की तो युवती के चेहरे पर चोट के निशान और गले पर और भी संदिग्ध निशान मिले हैं. इन निशानों के चलते युवती की हत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस का ऐसा मानना है कि इस युवती की हत्या किसी और जगह पर की गई है और सबूतों को मिटाने के लिए इसकी लाश को सूटकेस में बंद करके इस ड्रेन में फेंस दिया गया है.
सूटकेस के साथ मिले कई सबूत

पुलिस के जांच पड़ताल शुरू करने पर टीम को इस सूटकेस के साथ में 2 नए सूट और एक दूसरा बैग भी मिला है. सूटकेस के पास मिले इस सामान को पुलिस ने सबूत मानते हुए जांच का हिस्सा बनाया है. हालांकि अभी तक मरने वाली इस महिला की पहचान नहीं हो पाई है, जिसके चलते पुलिस आस-पास के इलाकों में लापता लोगों की रिपोर्ट्स को देख रही है. पुलिस के मुताबिक युवती का शव कई दिनों पुराना लग रहा है. जिससे शव की स्थिति काफी खराब हो गई है.
मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम
पुलिस ने इस मामले को काफी गंभीर माना और मौके पर ही फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया. महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कैथल के नागरिक अस्पताल में भिजवाया गया है. शव का पोस्टमॉर्टम होने के बाद में मौत के कारणों का पता लग जाएगा. पुलिस का कहना है कि इस मामले की हर तरह और हर एंगल से जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल अभी पुलिस इस मामले को हत्या मानकर जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में क्राइम ब्रांच का बड़ा छापा, नए साल से पहले ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़, 10 करोड़ की हेरोइन जब्त
