UP ATS ARRESTED ISI AGENT: यूपी एटीएस ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त बलरामपुर निवासी शहरोज को गिरफ्तार कर लिया है. वह विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिये भारत मे स्लीपर सेल बनाने व आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की फिराक में था. एजेंसी ने दावा किया है कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को जोड़कर स्लीपर सेल तैयार करने की कोशिश कर रहा था. शहरोज थाना गैंसड़ी क्षेत्र के ग्राम जमधरा का रहने वाला है.
शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट के नेटवर्क से जुड़ा
जांच एजेंसी का कहना है कि वह पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट के नेटवर्क से जुड़ा था. इन नेटवर्क के माध्यम से भारतीय युवाओं को आर्थिक प्रलोभन देकर देश में सामाजिक सौहार्द, एकता, अखंडता और राष्ट्रीय सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने की साजिश रची जा रही थी.एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश के मुताबिक, एटीएस को खुफिया सूचना मिली थी कि शहरोज पाकिस्तान समर्थित नेटवर्क के संपर्क में है और किसी बड़ी आतंकी वारदात की तैयारी कर रहा है. इसके बाद निगरानी और जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया.
फेसबुक से हुआ संपर्क, हथियार और विस्फोटक जुटाने की जिम्मेदारी मिलने का आरोप
जांच में सामने आया कि आरोपी की पहचान कथित आईएसआई एजेंट जसवीर चौधरी से फेसबुक के माध्यम से हुई थी. इसके बाद वह व्हाट्सएप, मैसेंजर और सिग्नल जैसे एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर सक्रिय हो गया. एटीएस का आरोप है कि इन्हीं माध्यमों से उसे निर्देश दिए जाते थे और वह राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल हुआ.
किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की थी तैयारी
पुलिस के अनुसार, आरोपी को राजस्थान के श्रीगंगानगर क्षेत्र से हथियार और विस्फोटक सामग्री जुटाने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वह अपने कथित आकाओं के निर्देश पर भारत में किसी बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की तैयारी में था.
यूपी पुलिस ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गिरफ्तारी की जानकारी साझा करते हुए बताया कि संदिग्ध को एटीएस ने देश विरोधी गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार किया है. फिलहाल एटीएस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसके संपर्क में और कौन-कौन लोग थे तथा उसका नेटवर्क कितनी दूर तक फैला हुआ था.
ये भी पढ़ें: बिहार में दिनदहाड़े 12वीं की छात्रा की हत्या! गोलियां मारकर फरार हुए बदमाश, पुलिस ने बनाई SIT
