Eighth Pay Commission 2026: नया साल 2026 केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए खुशखबरी लेकर आ सकता है, क्योंकि आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार 1 जनवरी से सैलरी और पेंशन में बढ़ोतरी और पिछली तारीख से एरियर मिलने की उम्मीद है. इससे लगभग 50 लाख कर्मचारियों और 69 लाख पेंशनर्स को वित्तीय लाभ मिलने की संभावना है.

Eighth Pay Commission 2026: नया साल 2026 केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए राहत भरी खबर लेकर आ सकता है. भले ही आठवें वेतन आयोग की सिफारिशें अभी पूरी तरह लागू न हों, लेकिन संकेत मिल रहे हैं कि सैलरी और पेंशन में बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जा सकती है. इससे लाखों कर्मचारियों और रिटायर्ड लोगों को पिछली तारीख से एरियर मिलने की उम्मीद है. इससे पहले सातवें वेतन आयोग के समय भी ऐसा ही हुआ था, जब नोटिफिकेशन जुलाई में आया लेकिन एरियर जनवरी से लागू माना गया है.
रिपोर्ट सौंपने के लिए 18 महीने का समय
आठवें वेतन आयोग को लेकर सरकार ने 28 अक्टूबर 2025 को मंजूरी दी है. रिटायर्ड जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई को आयोग का अध्यक्ष बनाया गया और इसे रिपोर्ट सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है. संभावना है कि रिपोर्ट मई 2027 तक तैयार हो जाएगी. इसके बाद सरकार की मंजूरी और नोटिफिकेशन में और कुछ समय लग सकता है. इसके बावजूद कर्मचारियों में उम्मीद है कि आयोग की सिफारिशें 1 जनवरी 2026 से लागू मानी जाएंगी.
कर्मचारी यूनियनों का कहना है कि सैलरी बढ़ोतरी और पेंशन का लाभ पिछली तारीख से मिलना चाहिए. नेशनल काउंसिल जेसीएम के स्टाफ साइड सेक्रेटरी शिव गोपाल मिश्रा ने कहा कि अगर वेतन आयोग में देरी भी होती है, तो बढ़ोतरी का लाभ 1 जनवरी 2026 से पीछे की तारीख से दिया जाना चाहिए. इससे लगभग 50 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 69 लाख पेंशनर्स को फायदा मिलेगा.
बेसिक पे में 20% से 35% तक का इजाफा

सैलरी में बढ़ोतरी फिटमेंट फैक्टर पर निर्भर करेगी. विशेषज्ञ अनुमान लगा रहे हैं कि यह 2.5 से 3.0 के बीच रहेगा. इससे बेसिक पे में 20% से 35% तक का इजाफा संभव है. साथ ही अन्य भत्तों और पेंशन में भी बढ़ोतरी होगी. अगर ऐसा होता है, तो कर्मचारियों और रिटायर्ड लोगों की आमदनी में खासा सुधार होगा.
वित्तीय दृष्टि से आठवें वेतन आयोग का असर काफी बड़ा हो सकता है. सातवें वेतन आयोग का वित्तीय बोझ 1.02 लाख करोड़ रुपये था, जबकि आठवें वेतन आयोग का अनुमानित प्रभाव 2.4 से 3.2 लाख करोड़ रुपये तक हो सकता है. हालांकि, आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है, लेकिन संकेत साफ हैं कि 1 जनवरी 2026 से सैलरी और पेंशन में बड़ा बदलाव होने वाला है और कर्मचारियों के लिए यह साल राहत भरा साबित हो सकता है.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
