Delhi double murder case: राजधानी दिल्ली के साउथ ईस्ट के चितरंजन पार्क इलाके में शुक्रवार शाम डबल मर्डर की घटना सामने आई है. यहां पिता-पुत्र की बेरहमी से हत्या कर दी गई. वहीं एक व्यक्ति इस घटना में घायल हुआ है.

राजधानी में डबल मर्डर
राजधानी दिल्ली से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. दिल्ली के साउथ ईस्ट के चितरंजन पार्क इलाके में शुक्रवार शाम को हड़कंप मच गया. जानकारी के मुताबिक तारा अपार्टमेंट में रहने वाले व्यक्ति और उसके बेटे की हत्या कर दी गई. इसी के साथ परिवार का एक सदस्य घायल भी हुआ है. घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मृतकों का पड़ोसी है आरोपी
जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान राकेश सूद और उनके बेटे करण सूद के रूप में हुई है. वहीं घायल व्यक्ति की पहचान राहुल के रूप में हुई है. मामले की सूचना पुलिस को शुक्रवार शाम लगभग 7 बजे के आसपास मिली थी. जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी. मामले की जांच में सामने आया कि घटना को अंजाम देने वाला आरोपी मृतकों का पड़ोसी है.
दोनों पर किए ताबड़तोड़ हमले
पुलिस ने बताया कि आरोपी एक बड़ा धारदार चाकू लेकर मौके पर पहुंचा था. मौका मिलते ही उसने पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ हमले कर दिए. इस दौरान उसने गले और शरीर के बाकी हिस्सों को निशाना बनाया. स्थानीय लोगों तुरंत ही घायलों को अस्पताल ले गए, लेकिन पिता-पुत्र ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
पुलिस ने गिरफ्तार किया आरोपी
पुलिस ने मामले की जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान असद के रूप में की गई है. पुलिस लगातार आरोपी से पूछताछ कर रही है. शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. बताया जा रहा है कि आरोपी मृतकों का पड़ोसी था. इस घटना में मृतकों का रिश्तेदार घायल हुआ है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
यह भी पढ़ें- सस्ते मोबाइल का बड़ा खेल! बांदा में साइबर ठगों की फैक्ट्री नष्ट; राजस्थान-हरियाणा तक फैला था जाल
