छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में 1 हजार रुपए के पीछे एक बुजुर्ग की हत्या कर दी गई. पहले व्यक्ति ने बुजुर्ग को जमीन पर पटक कर बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

1 हजार रुपए के पीछे हत्या
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक बुजुर्ग की सिर्फ 1 हजार रुपए के लिए हत्या कर दी गई. जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना कुसमी थाना क्षेत्र के देवसराकला गांव की है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बन गया है. लोग बातें कर रहे हैं कि 1 हजार रुपए के विवाद के कारण कोई हत्या कैसे कर सकता है.
भैंसा बेचने की रकम को लेकर विवाद
जानकारी के मुताबिक देवसराकला गांव के रहने वाले धारी उरांव ने अपना भैंसा बेचने के लिए तय किया था, इस दौरान भैंसे की कीमत 16 हजार 500 रुपए तय की गई थी. उनके भैंसे को गांव के संजीर उरांव नाम के व्यक्ति ने 15 हजार 500 रुपए में बिकवा दिया. इस दौरान रह गए 1 हजार रुपए के कारण दोनों के बीच विवाद चल रहा था. परिजनों ने बताया कि धारी उरांव कई बार शराब के नशे में संजीत पर पैसे रख लेने का आरोप भी लगाते रहते थे.
व्यक्ति ने किया बुजुर्ग पर हमला
दोनों के बीच चल रहा विवाद एक दिन फिर उभर आया. रात लगभग 8 बजे के दौरान संजीत अपने घर के बाहर बैठकर खाना खा रहा था, इसी दौरान धारी वहां पहुंच गया और पैसों को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद शुरू हो गया. यह विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि संजीत ने हाथ में मौजूद थाली से धारी के ऊपर हमला कर दिया. इसी के साथ उसने बुजुर्ग को जमीन पर पटक दिया.
इलाज के दौरान हुई बुजुर्ग की मौत
बताया जा रहा है कि व्यक्ति ने गुस्से में आकर बुजुर्ग को जमीन पर पटक दिया और बेरहमी के साथ पिटाई की. इस हमले में धारी गंभीर रूप से घायल हो गए. जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. कई दिनों के इलाज के बाद उनकी अस्पताल में मौत हो गई. इस मामले में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया. पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है.
यह भी पढे़ं- राजधानी में खूनी वारदात! रात के अंधेरे में नाबालिग की बेरहमी से हत्या; मौके से फरार हुए आरोपी
