उत्तर पश्चिमी दिल्ली के महिंद्रा पार्क इलाके में नाबालिग लड़के की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. मृतक अपने दोस्त के साथ मोटरसाइकिल से घर से बाहर निकला था. पुलिस मामले में लगातार जांच कर रही है.

राजधानी में खूनी वारदात
राजधानी दिल्ली से एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है. उत्तर पश्चिमी दिल्ली के महिंद्रा पार्क इलाके में नाबालिग लड़के की बेरहमी से हत्या कर दी गई. जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना सोमवार रात की है, जिस दौरान नाबालिग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि यह वारदात रात लगभग 8 बजे के आसपास हुई है.
पहले से घात लगाए बैठे थे हमलावर
पुलिस ने बताया कि नाबालिग अपने दोस्त के साथ मोटरसाइकिल से घर के बाहर निकला था. इस दौरान रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे हुए 4-5 हमलावरों ने नाबालिग को रास्ते में रोक लिया. नाबालिग को रोकने के बाद हमलावरों के ग्रुप ने उसके ऊपर हमला कर दिया. आरोपियों ने इस दौरान लड़के के ऊपर की हमले किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
मौके से फरार हो गए आरोपी
गंभीर हालत में किशोर ने खुद को बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछे करते हुए लगातार उसके ऊपर हमले किए. पुलिस ने बताया कि नाबालिग कुछ दूरी तक भाग पाया और उसके बाद वह गिर गया. नाबालिग के गिरने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत ही घायल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस कर रही मामले में जांच
इस घटना की शुरुआती जांच में इसके पीछे आपसी दुश्मनी की आशंका जताई जा रही है. पुलिस इस मामले में लगातार जांच कर रही है. पुलिस ने बताया कि यह सुनियोजित तरीके से की गई वारदात है, क्योंकि हमलावर वहां पहले से मौजूद थे. फिलहाल पुलिस ने इस मामले को लेकर हत्या का केस दर्ज कर लिया है. पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें- जिस मंदिर में PM-CM ने नहीं तोड़ी परंपरा, वहां DM साहब लेकर घुसे हथियार! पुजारियों का फूटा गुस्सा
