पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान कई इलाकों में भारी विवाद हुआ है. कई विधानसभाओं में पार्टी के कार्यकर्ता आपस में भिड़े हैं, तो वहीं कहीं पर मतदाताओं ने हंगामा काटा है.

मतदान के दौरान कई इलाकों में बवाल
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग हो रही है. इस दौरान कई इलाकों में जोरदार हिंसा और हंगामा हुआ है. जहां एक तरफ भारी संख्या में लोग मतदान करने पहुंचे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ राज्य के कई हिस्सों में आगजनी और मारपीट के साथ तोड़फोड़ की घटनाएं भी हुई हैं. आपको बता दें कि मुर्शिदाबाद, कूचबिहार, सिलिगुड़ी और मालदा जैसे इलाकों में काफी बवाल हो रहा है.
हुमायूं कबीर के ऊपर हमला
आपको बता दें कि मुर्शिदाबाद में आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख और रोजीनगर से उम्मीदवार हुमायूं कबीर की कार के ऊपर लाठी और ईंटों से हमला किया गया है. इस दौरान TMC और AJUP पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच काफी खूनी झड़प हुई है. इस दौरान हुमायूं कबीर की पुलिस अधिकारियों के साथ नोकझोंक भी हुई है. कबीर ने इस हमले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है.
कूचबिहार में भी जमकर हंगामा
मुर्शिदाबाद के साथ ही कूचबिहार के तूफानगंज में भी हंगामा हुआ है. यहां मतदान के दौरान भारी भीड़ जमा हुई, जिसके कारण स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई. हालातों को संभालने के लिए CAPF ने मोर्चा संभाला और लाठीचार्ज करके भीड़ को खदेड़ा. जिसके बाद स्थिति को नियंत्रण में लिया. आरोप है कि इस दौरान कुछ असामाजिक तत्व लोगों को वोट डालने के लिए डराने की कोशिश कर रहे थे. जिसके बाद जवानों ने बल का इस्तेमाल किया.
सुवेंदु सरकार के साथ मारपीट
आपको बता दें कि दक्षिण दिनाडपुर के कुमारगंज विधानसभा क्षेत्र में भी विवाद हुआ है. यहां भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु सरकार पर TMC के समर्थकों ने हमला कर दिया. सुवेंदु सरकार को जानकारी मिली थी कि एक बूथ पर बूथ जैमिंग की जा रही है. सूचना मिलने पर वे टीम के साथ वहां पहुंचे थे, इसी दौरान उनके ऊपर लाठियों से हमला कर दिया गया. सुवेंदु सरकार ने आरोप लगाया कि पुलिस के होते हुए भी उन्हें गुंडों ने पीटा है.
मतदाताओं ने चुनाव आयोग अधिकारियों को घेरा
इसी के साथ मालदा के मोछाबाड़ी विधानसभा में भी हंगामा हुआ है. यहां बालुआचारा हाई स्कूल में मौजूद मतदान केंद्र के बाहर EVM में खराबी की सूचना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा फूटा और चुनाव आयोग के अधिकारियों के देरी से पहुंचने पर वोटर भड़क उठे. इस दौरान भीड़ ने अधिकारी को घेरकर बंधक बना लिया और कई मतदाताओं ने उनके साथ हाथापाई भी की.
TMC ऑफिस में की गई तोड़फोड़
मालदा जिले के हरिश्चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना है. यहां TMC के 2 गुट आपस में भिड़ गए. यहां विवाद काफी बढ़ गया, जिसके बाद राज्य के निवर्तमान मंत्री ताजमुल हुसैन के गांव बांगरुआ में TMC के एक चुनावी कैंप के ऑफिस में काफी तोड़फोड़ की गई. आपको बता दें कि हरिश्चंद्रपुर-I ब्लॉक पंचायत समिति में TMC नेता स्वपन अली ने आरोप लगाते हुए कहा कि मंत्री ताजमुल हुसैन और उनके समर्थक खुलेआम कांग्रेस पार्टी के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं.
सिलीगुड़ी में BJP-TMC कार्यकर्ताओं में तकरार
मालदा के साथ सिलीगुड़ी में भी हंगामा हुआ है. यहां के जगदीश चंद्र विद्यापीठ में मौजूद बूथ संख्या 26/237 पर मतदान के दौरान केंद्र के बाहर TMC और BJP के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए. यहां बहस के दौरान मामला गरम हो गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी. इस घटना के दौरान बीजेपी उम्मीदवार शंकर घोष भी मौके पर मौजूद थे. घटना के दौरान CAPF के जवानों ने तुरंत ही स्थिति को संभाला और अप्रिय घटना को होने से टाला.
यह भी पढे़ं- पश्चिम बंगाल में वोटिंग के दौरान महिला की मौत, बूथ के सामने हुई घटना; वोट डालकर बाहर निकली थी महिला
