पश्चिम बंगाल में केशरपुर में वोटिंग के दौरान एक महिला की मौत हो गई. महिला वोट डालकर बूथ से बाहर निकली और वहीं उसकी मौत हो गई. महिला के पति ने जानकारी देते हुए कई बातें बताईं.

बंगाल में पहले चरण का मतदान
पश्चिम बंगाल में आज यानी 23 अप्रैल को विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान हो रहा है. पहले चरण में आज 152 सीटों पर मतदान हो रहा है. आज पश्चिम बंगाल में पहले चरण के चुनाव में 1 हजार 478 उम्मीदवार हैं. 152 निर्वाचन क्षेत्रों में 44 हजार से ज्यादा मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं. इन सभी मतदान केंद्रों में 384 मतदान केंद्रों को काफी संवेदनशील माना जा रहा है.
वोट डालने के बाद महिला की मौत
पश्चिम बंगाल के केशरपुर से वोटिंग के दौरान एक दर्दनाक घटना हो गई. जानकारी के मुताबिक कोशरपुर में वोट डालने के बाद बूथ के सामने ही एक महिला की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि महिला वोट डालकर बाहर आई और उसकी मौत हो गई. मृत महिला की पहचान 55 साल की इसरतन बीबी के रूप में की गई है. महिला पश्चिम मोदिनीपुर की केशरपुर विधानसभा क्षेत्र के दीघा इलाके की रहने वाली थी.
बूथ से सामने हुई महिला की मौत
महिला की मौत वोट डालने के बाद बाहर निकलते ही बूथ के सामने हुई है. मृत महिला के पति की पहचान नवाबजान अली के रूप में हुई है. नवाबजान अली ने बताया कि उनके परिवार के 4 सदस्यों के नाम वोटर लिस्ट में नहीं थे. उन्होंने बताया कि वोटर लिस्ट में उनका भी नाम नहीं है और सिर्फ उनकी पत्नी का नाम था. व्यक्ति अपनी पत्नी को वोट डलवाने के लिए ले गया था.
पति खड़ा था बूथ के बाहर
मृत महिला के पति ने बताया कि उसके पास वोट न होने के कारण बूथ के बाहर खड़ा था. उसकी पत्नी ने अंदर जाकर वोट डाला और बाहर आ गई. जब बाहर आने के बाद उसकी पत्नी रिक्शे में बैठी तो इसी दौरान उसकी मौत हो गई. इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई है. फिलहाल मामले में जांच शुरू कर दी गई है. यह हादसा वोटिंग के दौरान हुआ है.
यह भी पढे़ं- पश्चिम बंगाल में हाई-वोल्टेज वोटिंग, 11 बजे तक 41% के पार पहुंचा मतदान; वोटर्स में दिख रहा अलग जोश
