Pappu yadav apology: बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने महिलाओ की राजनीति में एंट्री को लेकर एक बयान दिया था, जिसको लेकर अब उन्होंने महिलाओं से माफी मांगी है.

पप्पू यादव ने मांगी माफी
बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने महिलाओं को राजनीति में लेकर एक विवादित बयान दिया था, जिसको लेकर वे घिर गए थे. अब उस मामले में पप्पू यादव ने अपने बयान को लेकर माफी मांगी है. हालांकि इस दौरान उन्होंने माफी मांगते हुए अपने माफीनामे में एक शर्त भी शामिल कर दी. उनका कहना है कि वे सिर्फ बेटियों और बहनों के लिए माफी मांग रहे हैं, नेताओं से नहीं मांग रहे है.
यह माफी बेटियों से है, न कि किसी राजनेता से- पप्पू यादव
गुरुवार को पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि अगर मेरे बयान से राजनीति में शामिल होने वाली महिलाएं दुखी हुई हैं और उन्हें मेरे बयान से ठेस पहुंची है, तो मैं उन सभी लोगों से माफी मांगता हूं. उन्होंने कहा कि लेकिन मेरी यह माफी बहनों और बेटियों से हैं, किसी भी नेता और राजनेताओं से नहीं है. अब उनका बयान और माफीनामा एक बार फिर वायरल हो रहा है.
महिलाओं पर गिद्धों की नजर नहीं पड़ने दूंगा- पप्पू यादव
पप्पू यादव ने कहा कि उनकी लड़ाई उन गंदे नेताओं के खिलाफ है, जिनके खिलाफ यौन उत्पीड़न के सबूत हैं. उन्होंने कहा कि मैं राजनीति में शामिल होने वाली महिलाओं पर गिद्धों की नजर नहीं पड़ने दूंगा. इस दौरान उन्होंने NDA नेताओं के अपनी बेटी और अपनी पत्नी का जिक्र करने पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि मैंने किसी भी मां या बेटी का अपमान नहीं किया, फिर भी मेरी बेटी और पत्नी के बारे में उन लोगों ने टिप्पणी की, जिन्हें मैं बेटी मानता हूं.
कुछ दिन पहले दिया था विवादित बयान
मीडिया से बातचीत के दौरान पप्पू यादव में उनकी आलोचना करने वाले नेताओं को लेकर कहा कि अगर वे इतने ही संवेदनशील थे, तो NEET छात्र मौत मामले में और राज्य में महिलाओं पर हुए अत्याचारों के खिलाफ आवाज क्यों नहीं उठाई. आपको बता दें कि पप्पू यादव का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने कहा था कि 90% महिलाएं किसी नेता के कमरे में जाए बिना राजनीति नहीं कर सकती हैं.
