हिमाचल प्रदेश के शिमला में एक धार्मिक समारोह के दौरान गोली लगने के कारण एक महिला की मौत हो गई. पुलिस ने मामले में जांच करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है.

धार्मिक समारोह के दौरान महिला की मौत
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. शिमला के एक गांव में धार्मिक समारोह के दौरान एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. मामले में जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृत महिला की पहचान 26 साल की रितिका के रूप में की गई है.
मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के दौरान हुई घटना
जानकारी के मुताबिक मृत महिला शिमला के रोहड़ में मौजूद आंध्रा गांव की रहने वाली थी. यह पूरी घटना रविवार को कुलगांव में स्थानीय देवता के नवनिर्मित मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के दौरान हुई थी. पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि जब प्राण-प्रतिष्ठा के दौरान लोग नाच रहे थे. उसी दौरान आरोपी ने गोली चला दी, जो गोली महिला के लगी.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस के मुताबिक यह घटना शुरुआती तौर पर हर्ष फायरिंग के कारण घटती हुई दिखाई दे रही है. पुलिस ने बताया कि इस दौरान रितिका को गोली लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. जिससे वहां का माहौल अफरा-तफरी में बदल गया. घटना के बाद जैसे ही आरोपी को एहसास हुआ, तो वह मौके से फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई.
हिरासत में हथियार और आरोपी
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौके से कई सबूतों को इकट्ठा किया है. इस दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है. पुलिस ने मामले में जांच करते हुए आरोपी को भी हिरासत में ले लिया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच के बाद आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी में तेज रफ्तार का कहर! महिंद्रा थार ने बाइक सवारों को मारी टक्कर; दंपति की मौत 1 घायल
