नागपुर में मौजूद RSS मुख्यालय और स्मृतिमंदिर को DSS नाम के संगठन ने धमकी दी है. एक पत्र पुलिस आयुक्त को भेजते हुए इन जगहों पर रेडिएशन की धमकी दी गई है.

RSS कार्यालय को रेडिएशन की धमकी
महाराष्ट्र के नागपुर में मौजूद RSS मुख्यालय और स्मृतिमंदिर को रेडिएशन की धमकी मिली है. महाल में मौजूद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के हेडक्वार्टर और रेशीमबाग में मौजूद डॉ. हेडगेवार स्मृतिमंदिर परिसर में रेडियोएक्टिव पदार्थ को डालने का दावा किया गया है. एक पत्र के जरिए यह धमकी दी गई है. यह पत्र नागपुर ते पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्र कुमार सिंगल को भेजा गया था.
पुलिस आयुक्त को भेजा गया लेटर
जानकारी के मुताबिक नागपुर के पुलिस आयुक्त को भेजे गए पत्र में RSS के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है. जिसके बाद से ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया है. बताया जा रहा है कि इस पत्र को DSS नाम के संगठन के द्वारा भेजा गया है. जिन जगहों का नाम इस पत्र में लिखा गया है, उन सभी जगहों पर ATS ने जांच शुरू कर दी है.
इन जगहों पर रेडियोएक्टिव पाउडर डालने की बात
बताया जा रहा है कि अंग्रेजी में लिखा गया यह पत्र 27 अप्रैल को डाक के जरिए पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचा और इस पत्र में DSS नाम के संगठन का नाम लिया गया है. DSS ने दोसरभवन चौक के पास में डेटोनेटर रखने का दावा भी किया है, वहीं इस पत्र में साथ ही RSS मुख्यालय, रेशीमबाग स्मृतिमंदिर और मेट्रो में ‘सीजियम-137’ नाम की रेडियोएक्टिव पाउडर डाले जाने की बात लिखी गई हैं.
ATS कर रही मामले की जांच
इस पत्र में पाउडर को बेहद खतरनाक बताते हुए कई स्वयंसेवकों के प्रभावित होने की धमकी दी गई है. इस पत्र में RSS मुख्यालय, स्मृतिमंदिर, बीजेपी का गणेशपेठ कार्यालय और मेट्रो स्टेशन का जिक्र किया गया है. इन सभी जगहों पर ATS ने NDRF और परमाणु विशेषज्ञों की मदद से जांच की है, हालांकि वहां पर किसी भी तरह की संदिग्ध चीज नहीं मिली है.
असली खेल तो अब शुरू होगा
फिलहाल इस मामले में लगातार जांच की जा रही है. आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले दोसरभवन मेट्रो स्टेशन के पीछे एक खाली जगह से डेटोनेटर और जिलेटिन की छड़ें मिली थीं. धमकी भरे इस पत्र में दावा किया गया है कि ये विस्फोटक भी उन्हीं वे रखवाया था और वह सिर्फ एक वॉर्निंग थी, असली खेल तो अब शुरू होगा.
यह भी पढ़ें- केरल के पूर्व DPG पर 250 रुपए का जुर्माना, रिटायरमेंट के बाद इस्तेमाल किया आधिकारिक चिन्ह; मामला बना चर्चा का केंद्र
