गुजरात के छोटा उदेपुर में एक बुजुर्ग महिला की हत्या करके उसके पैर काट लिए. महिला पैरों में चांदी का कड़ा पहनती थी, जिसके लूटकर आरोपी फरार हो गए. पुलिस मामले में जांच कर रही है.

बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या
गुजरात के छोटा उदेपुर से एक बेहद दर्दनाक और घिनौनी घटना सामने आई है. छोटा उदेपुर जिले के नसवाड़ी तालुका में के बोरियाद गांव में लूट के इरादों से बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक एक 75 साल की बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या करने के बाद आरोपी उसके पैरों को काटकर लगभग 2.5 लाख रुपए की कीमत वाला कड़ा लूट ले गए.
पैर काटकर लूटा कड़ा
गुजरात के छोटा उदेपुर में इस घटना के बाद हड़कंप मच गया है. यहां आरोपियों ने पहले 75 साल की बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या की और बाद में उसके पैर काटकर ढाई लाख रुपए का चांदी का कड़ा लूटकर फरार हो गए. मृत महिला की पहचान दशरी भीमा भील के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि महिला घर में अकेली रहती थी. आदिवासी समाज की परंपरा होने के कारण वह अपने पैर में 1 किलो के वजन का चांदी का कड़ा पहनती थी.
2.5 लाख रुपए थी कड़े की कीमत
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी रात के समय में घर में घुसे और लूटपाट के इरादे से महिला की हत्या कर दी. आरोपियों ने महिला के सिर पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई. जिसके बाद बदमाशों ने उसके दोनों पैरों को काटा और उनमें पहने हुए चांदी के कड़े निकाल लिए और फरार हो गए. चोरी किए गए कड़ों की कीमत 2.5 लाख रुपए बताई जा रही है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
जब मृतका का बेटा काम से घर पर लौटा, तो पड़ोस की महिलाओं ने बताया कि उसकी मां सुबह से बाहर नहीं निकली है. जिसके बाद जब वह घर में घुसा तो वहां खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच और तलाश शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें- इंस्टाग्राम पोस्ट से हुआ विवाद! युवक के सीने में मारी गोली; अलीगढ़ में फायरिंग से हड़कंप
