महाराष्ट्र के पुणे में 4 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करके उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई. जिसके बाद गुस्साएं ग्रामीणों ने मुंबई-बेंगलुरु हाइवे पर चक्का जाम कर दिया. पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और कार्रवाई का भरोसा दिलाया है.

4 साल की मासूम से दुष्कर्म
महाराष्ट्र के पुणे जिले से एक दिल दहला देने वाली और इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. पुणे के भोर में 4 साल की मासूम बच्ची के साथ में दुष्कर्म किया गया है. बच्ची के साथ रेप करने के बाद आरोपी ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक मासूम बच्ची अपनी नानी के घर पर छुट्टियां बिताने के लिए आई थी. घटना के बाद इलाके में लोगों के अंदर गुस्सा फूट पड़ा है.
पत्थर से कुचलकर हत्या
घटना के बाद लोगों ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है. बताया जा रहा है कि बच्ची गर्मियों की छुट्टियों में अपनी नानी के घर पर घूमने आई थी. इसी दौरान वह घर से बाहर निकली तो एक 65 साल का व्यक्ति उसे बहलाकर अपने घर के सामने मौजूद पशुओं के तबेले में ले गया. जिसके बाद वहीं पर उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और पत्थर से कुचलकर मासूम की हत्या कर दी.
तलाशी के दौरान बरामद हुआ शव
हत्या करने के बाद उसने शव को तबेले में पड़े गाय के गोबर के ढेर के नीचे छिपा दिया, जिससे किसी को भी उसके ऊपर शक न हो. काफी देर घर पर न लौटने के बाद परिजनों ने बच्ची की तलाश शुरू की. इसी बीच तबेले में तलाशी के दौरान बच्ची का शव बरामद हुआ. यह देखकर परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई. घटना की सूचना तुरंत ही पुलिस को दी गई.
आरोपी को हिरासत में लिया
इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने तबेले के सामने कैंप लगा लिया है. गुस्साई भीड़ ने मुंबई-बेंगलुरु हाइवे पर चक्का जाम कर दिया. फिलहाल पुलिस ने मामले में आरोपी भीमराव कांबले को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में 15 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी.
यह भी पढ़ें- धनबाद में हाई-प्रोफाइल रहस्य! बीजेपी नेता की संदिग्ध मौत; परिजनों ने पत्नियों पर लगाया हत्या का आरोप
