हिमाचल प्रदेश के शिमला में कुछ दिनों पहले छात्र के ऊपर एक अंडर कंस्ट्रक्शन बिल्डिंग की 7वीं मंजिल से ईंट गिरी थी, जिसके बाद अब अस्पताल में उसकी मौत हो गई है. पुलिस ने बिल्डिंग के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है.

कुछ दिनों पहले गिरी थी ईंट
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से एक दर्दनाक खबर सामने आई है. शिमला के संजौली इलाके में एक दर्दनाक हादसा हुआ है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. जानकारी के मुताबिक एक अंडर कंस्ट्रक्शन बिल्डिंग से ईंट गिरी थी, जिसकी चपेट में एक 14 साल का मासूम छात्र आया था. जिसके बाद छात्र को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
11 दिनों बाद हुई मौत
बताया जा रहा है कि 11 दिनों तक जिंदगी और मौत से लड़ने के बाद 14 साल के छात्र ने दम तोड़ दिया है. मृत छात्र की पहचान तनिष्क कौशल के रूप में की गई है. घटना के बाद इलाके में रहने वाले लोगों के अंदर निर्माण कार्यों में हो रही लापरवाही को लेकर बेहद नाराजगी है. आपको बता दें कि यह पूरा घटना 29 अप्रैल को हुई थी, इस दौरान छात्र तनिष्क स्कूल से घर पर वापस लौट रहा था.
अस्पताल में कराया गया था भर्ती
स्कूल से लौटते समय संजौली इलाके में चोपड़ा निवास नाम की निर्माणाधीन बिल्डिंग की 7वीं मंजिल से एक ईंट अचानक से नीचे गिर गई थी. 7वीं मंजिल से गिरने वाली ईंट छात्र तनिष्क के सिर पर जा लगी. इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद तुरंत ही लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था. अस्पताल में लगभग 11 दिनों तक छात्र का इलाज चला और आखिरकार मासूम ने दम तोड़ दिया.
बिल्डिंग मालिक गिरफ्तार
मासूम छात्र की मौत के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है. इस घटना के बाद लोग जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. इस घटना को लेकर संजौली थाना पुलिस ने मामले को दर्ज करके जांच को शुरू कर दिया है. पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है. पुलिस जांच में सामने आया कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे. जिसके बाद पुलिस ने बिल्डिंग के मालिक शांता लाल चोपड़ा को गिरफ्तार कर लिया है.
यह भी पढ़ें- बाबा सिद्दिकी हत्याकांड में बड़ा एक्शन! ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर बॉडीगार्ड बर्खास्त; विभागीय जांच में पाए गए दोषी
