UP Schools Online Classes Update: वैश्विक अस्थिरता और ईंधन संकट को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी में ऑनलाइन क्लास और वर्क फ्रॉम होम की व्यवस्थाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं. सरकार का लक्ष्य है कि भविष्य में किसी भी आपात स्थिति के दौरान डिजिटल माध्यमों के जरिए पढ़ाई और प्रशासनिक कामकाज बिना किसी बाधा के जारी रह सके.

UP Schools Online Classes Update: उत्तर प्रदेश में बदलते हालात और बढ़ते वैश्विक तनाव के बीच सरकार नई तैयारियों में जुट गई है. इसी को लेकर मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास 5 कालिदास मार्ग पर अधिकारियों के साथ बड़ी बैठक की. इस बैठक में ऑनलाइन क्लासेस और वर्क फ्रॉम होम जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. सरकार इस बात पर मंथन कर रही है कि अगर भविष्य में किसी तरह की आपात स्थिति बनती है तो पढ़ाई और सरकारी कामकाज बिना रुके कैसे जारी रखा जाए. यही वजह है कि डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करने पर खास जोर दिया जा रहा है.
सूत्रों के मुताबिक राज्य सरकार संभावित परिस्थितियों को देखते हुए पहले से तैयारी करना चाहती है. बैठक में खासतौर पर स्कूलों और कॉलेजों में ऑनलाइन पढ़ाई को प्रभावी तरीके से लागू करने पर चर्चा हुई. अधिकारियों से कहा गया कि जरूरत पड़ने पर छात्र घर बैठे पढ़ाई कर सकें, इसके लिए पूरी व्यवस्था तैयार रखी जाए. साथ ही इंटरनेट, डिजिटल प्लेटफॉर्म और तकनीकी संसाधनों को बेहतर बनाने को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ. सरकार चाहती है कि किसी भी हालात में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो.
बैठक में प्रशासनिक स्तर पर भी कई मुद्दों पर चर्चा हुई. अलग-अलग विभागों के बीच तालमेल कैसे बेहतर हो, इस पर अधिकारियों ने अपनी राय रखी. इसके अलावा वर्क फ्रॉम होम को लेकर भी संभावित दिशा-निर्देश तैयार करने पर बात हुई. माना जा रहा है कि जरूरत पड़ने पर सरकारी और निजी दफ्तरों में घर से काम करने की व्यवस्था लागू की जा सकती है. अधिकारियों को इस संबंध में जरूरी तैयारियां पूरी रखने के संकेत भी दिए गए हैं. बैठक के बाद सरकार कुछ बड़े फैसले ले सकती है.
दरअसल हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों से ईंधन बचाने और गैरजरूरी खर्च कम करने की अपील की थी. उन्होंने कहा था कि दुनिया इस समय अस्थिर दौर से गुजर रही है. पहले कोरोना महामारी और अब पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर पूरी दुनिया पर दिखाई दे रहा है. पीएम मोदी ने लोगों से पेट्रोल-डीजल की खपत घटाने, कारपूलिंग अपनाने और सार्वजनिक परिवहन का ज्यादा इस्तेमाल करने की सलाह दी थी. इसके साथ ही उन्होंने वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने की भी बात कही थी.
प्रधानमंत्री ने कहा था कि डिजिटल तकनीक ने काम करने के तरीके को काफी आसान बना दिया है. अब वर्चुअल मीटिंग और घर से काम करना पहले के मुकाबले ज्यादा आसान हो गया है. यही वजह है कि सरकारें भी अब वैकल्पिक व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने में जुटी हैं. उत्तर प्रदेश सरकार की इस बैठक को भी उसी दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है. आने वाले दिनों में ऑनलाइन क्लासेस और वर्क फ्रॉम होम को लेकर सरकार की ओर से नए दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं.
