उत्तर प्रदेश के बरेली में गणित के एक टीचर ने अपनी प्रेमिका और उसके भाइयों से परेशान होकर आत्महत्या कर ली. मृतक ने मरने से पहले 4 पन्नों का सुसाइड नोट भी लिखा था.

प्रेमिका से परेशान होकर किया सुसाइड
उत्तर प्रदेश के बरेली में एक टीचर ने सुसाइड कर लिया. जानकारी के मुताबिक प्रेम प्रसंग और लगातार मिलने वाली धमकियों से परेशान होकर गणित के टीचर ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया. इस घटना के बाद पुलिस को मौके से 4 पेज का सुसाइड नोट मिला है. इस नोट में मृतक शिक्षक ने उसकी प्रेमिका और उसके भाइयों को मौत के पीछे जिम्मेदार ठहराया है.
किराए के कमरे में रहता था मृतक
जानकारी के मुताबिक पूरी घटना बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के धौरेरा माफी गांव की है. बताया जा रहा है कि गोरखपुर गोला थाना क्षेत्र के सुअरज गांव के रहने वाले 26 साल के मुनि बरेली के नवाबगंज के बरौर में मौजूद राजकीय इंटर कॉलेज में गणित के टीचर थे. जानकारी के मुताबिक मुनि धौरेरा माफी में किराए पर कमरा लेकर रहते थे. शुक्रवार को जब मृतक के पिता ने उन्हें कॉल किया तो फोन रिसीव नहीं हुआ.
फंदे पर लटका मिला शव
बताया जा रहा है कि कॉल रिसीव न होने पर मकान मालिक को इस बारे में जानकारी दी गई. जिसके बाद जब उन्होंने कमरे में जाकर देखा, तो टीचर मुनि का शव फांसी के फंदे पर लटक रहा था. जिसके बाद तुरंत ही मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंच गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रात में ही पोस्टमार्टम कराया और शव को परिजनों को सौंप दिया.
प्रेमिका और भाइयों को ठहराया जिम्मेदार
पुलिस को मामले की जांच में टीचर के मोबाइल से उसकी प्रेमिका के कई कॉल और मैसेज मिले हैं. मामले की शुरुआती जांच में दोनों के बीच चल रहे विवाद और मानसिक दबाव की बात सामने आई है. सुसाइड नोट में टीचर ने लिखा कि उसकी प्रेमिका और प्रेमिका के भाई लगातार उसे परेशान कर रहे थे, उनके ऊपर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले में लगातार जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- पटाखा फैक्ट्री धमाके में बढ़ा मौत का आंकड़ा! 6 मजदूरों की हो चुकी मौत; पुलिस ने क्या की कार्रवाई?
