महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में 5 युवकों के लापता होने से हड़कंप मच गया है. एक युवक का शव नदी से बरामद किया गया है. बाकी के युवकों की तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

नदी में 5 युवकों के डूबने की आशंका
महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां जिले में घुग्घुस के पास वर्धा नदी में 5 युवकों के डूबने की आशंका से इलाके में सनसनी फैल गई है. जानकारी के मुताबिक बचाव दल ने सर्च ऑपरेशन के तहत एक युवक के शव को बरामद कर लिया है. बचाव दल बाकी के 4 युवकों की लगातार तलाश कर रहे हैं. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
देर रात तक नहीं लौटे युवक
जानकारी के मुताबिक घुग्घुस के इंदिरा नगर के रहने वाले 5 युवक रविवार को दोपहर के समय में घर से निकले थे, जिसके बाद जब वे देर रात तक वापस नहीं लौटे, तो घर वालों ने उनकी तलाश शुरू कर दी. इस दौरान माथारदेवी परिसर में मौजूद पानी की टंकी के पास वर्धा नदी के किनारे युवकों के कपड़े और मोबाइल फोन मिले. जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी.
नदी से मिला एक युवक का शव
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. जिसके बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. सोमवार को सुबह के समय नावों की मदद से ऑपरेशन चलाया गया. इसी दौरान एक युवक का शव नदी से बरामद हुआ. मृतक की पहचान तन्मय पथाडे के रूप में हुई है. पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि नदी में डूबने वाले लोगों में तन्मय पथाडे, सम्यक सोनटक्के, नकुल केलजरकर, सन्नी आसमपल्ली और रोहित बोबले शामिल हैं.
आपस में अच्छे दोस्त थे सभी
बताया जा रहा है कि सभी युवक आपस में अच्छे दोस्त थे. फिलहाल घटना के बाद एक युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया है. वहीं बाकी के 4 युवकों की लगातार तलाशी की जा रही है. पुलिस और बचाव दल युवकों की तलाशी के लिए लगातार बचाव अभियान चला रहे हैं. पुलिस के मुताबिक जल्द ही बाकी के युवकों का भी पता लग जाएगा.
यह भी पढ़ें- ‘जहां जाना है जाओ…’, बागी सांसदों पर कल्याण बनर्जी का निशाना; कीर्ति आजाद ने बताया गद्दार
