महाराष्ट्र के जलगांव जिले में मोटरसाइकिल, कार और एसटी बस की आपस में जोरदार टक्कर हुई है. इस घटना में 6 लोगों की मौके पर मौत हो गई, वहीं कुछ लोग घायल भी हुए हैं. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

महाराष्ट्र में दर्दनाक सड़क हादसा
महाराष्ट्र के जलगांव जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. यहां अमलनेर तहसील में मंगलवार को एक ट्रिपल रोड एक्सीडेंट हुआ है. यहां एक कार, मोटरसाइकिल और एसटी बस की आपस में टक्कर हो गई. जानकारी के मुताबिक इस घटना में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं कुछ लोग इस घटना में घायल बताए जा रहे हैं. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
कार ने बस और मोटरसाइकिल में मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक यह घटना अमलनेर-धुले मार्ग पर मंगरूल गांव के पास मौजूद वृंदावन होटल के पास हुई है. बताया जा रहा है कि अमलनेर से धुले की तरफ जा रही एक मोटरसाइकिल और एसटी बस को सामने से आने वाली एक गुजरात नंबर की कार ने जोरदार टक्कर मार दी. बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी तेज थी कि मोटरसाइकिल चालक की मौके पर मौत हो गई.
कार सवार सभी लोगों की मौत
बताया जा रहा है कि इस घटना में मोटरसाइकिल चालक के साथ कार में सवार 5 लोगों की भी मौके पर ही मौत हो गई. जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना में मरने वाले लोगों की पहचान आदित्य चंद्रकांत महाजन, अनीता सुरेश महाजन, निर्मला नंदलाल महाजन, नंदलाल गोपाल महाजन और सुरेश विक्रम महाजन के रूप में की गई है. सभी मृतक गुजरात के व्यारा के रहने वाले थे.
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
सभी लोग अमलनेर में एक सगाई समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे, लेकिन रास्ते में यह घटना हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. बताया जा रहा है कि कार के अंदर एक छोटा बच्चा फंस गया था, जिसे गांव वालों और पुलिस की टीम ने बाहर निकाला. पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
यह भी पढ़ें- एक साथ जन्मे और साथ छोड़ी दुनिया! गाजीपुर में जुड़वा भाइयों की मौत; एक चिता पर हुआ अंतिम संस्कार
