उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में 2 जुड़वा भाइयों की एक साथ पोखरे में डूबने से मौत हो गई. जिसके बाद दोनों का अंतिम संस्कार भी एक ही चिता पर किया गया. इसे देखकर सभी लोग भावुक हो गए.

जुड़वा भाइयों की एक साथ मौत
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से एक अनोखी घटना सामने आई है. यहां 2 जुड़वा भाइयों ने एक साथ जन्म लिया और दोनों की मौत भी एक ही साथ हुई. जिसके बाद दोनों का अंतिम संस्कार भी एक ही चिता पर किया गया. इस घटना के बाद श्मशान घाट पर मौजूद लोगों की आंखों में आंसू आ गए. घटना के बाद इलाके में इसको लेकर चर्चाएं तेज हो गई है और लोग इस घटना के बारे में बात कर रहे हैं.
भैंस को नहलाने गए थे दोनों भाई
जानकारी के मुताबिक पूरी घटना गाजीपुर के देवकली ब्लॉक में मौजूद मुडरभा गांव की है. यहां 16 साल के जुड़वा भाई गांव के पोखरे पर अपनी भैंस को नहलाने के लिए ले गए थे. भैंस को नहलाते समय वे खुद भी पोखरे में नहाने लगे. नहाते समय दोनों भाई गहने पानी में चले गए और डूब गए. काफी देर तक घर पर वापस न लौटने पर उनके परिजनों को चिंता हुई, जिसके बाद तलाशी शुरू हुई.
पोखरे में डूबने से मौत
इस दौरान पता लगा कि दोनों भाई पोखरे में डूब गए हैं. जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और भारी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए. जिसके बाद गांव वालों ने दोनों भाइयों के शव को पोखरे के बाहर निकाला. मृत भाइयों की पहचान 16 साल के प्रियांशु और हिमांशु यादव के रूप में की गई है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
एक साथ हुआ अंतिम संस्कार
मंगलवार को दोनों भाइयों का अंतिम संस्कार किया गया. इस दौरान दोनों भाइयों को एक ही चिता पर अग्नि दी गई. जिसके देखकर सब लोग भावुक हो गए. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. मामले में जिला प्रशासन ने भी संज्ञान लिया है. जिलाधिकारी ने बताया कि घटना वाली जगह पर अवैध खनन के कारण कई जगहों पर गड्ढे बन गए हैं. जिसके कारण यह हादसा हुआ है. जिलाधिकारी ने खनन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
यह भी पढे़ं- चोरी के शक में लिया इम्तिहान! उबलते पानी में डाले युवक के हाथ; अंधविश्वास की सारी हदें पार
