उत्तराखंड के हरिद्वार में स्कूलों की छु्ट्टी, चारधाम यात्रा और सोमवती आमावस्या के कारण श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है. शहर में मुख्य रास्तों पर जाम जैसे हालात बन गए हैं. प्रशासन लगातार स्थिति को संभाले हुए है.

हरिद्वार में श्रद्धालुओं का जनसैलाब
उत्तराखंड में चार धाम यात्रा और स्कूलों की छुट्टी के साथ सोमवती आमावस्या के स्नान के चलते हरिद्वार में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा है. हरिद्वार में देशभर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. आपको बता दें कि हरिद्वार को चार धाम यात्रा का प्रवेश द्वार माना जाता है. हरिद्वार इस समय यातायात के भारी दबाव और गर्मी का सामना कर रहा है. श्रद्धालुओं के अपने निजी वाहनों के कारण पहुंचने से प्रमुख रास्तों पर दबाव काफी बढ़ गया है.
मुख्य मार्गों पर लंबी कतारें
आपको बता दें कि श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते हरिद्वार-दिल्ली हाईवे और बिजनौर हाईवे पर श्रद्धालुओं के वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं. जानकारी के मुताबिक अभी पूरी तरह से जाम नहीं लगा है, लेकिन भयंकर गर्मी और भीड़ ज्यादा होने के कारण वाहन बेहद हल्की स्पीड में रेंग-रेंग कर चल रहे हैं. शहर की अधिकांश पार्किंग वाहनों की संख्या के कारण फुल हो गई है.
पार्किंग हो गई फुल
जानकारी के मुताबिक पार्किंग फुल होने के कारण सड़कों पर हर तरफ श्रद्धालुओं की गाड़ियां नजर आ रही हैं. शहर के मुख्य रास्तों पर जाम जैसे हालात बन गए हैं. इसके चलते स्थानीय निवासियों को भी आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि भीड़ और ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए उत्तराखंड पुलिस लगातार काम कर रही है.
प्रशासन लगातार कर रहा ट्रैफिक नियंत्रित
श्रद्धालुओं और वाहनों की भीड़ के कारण ट्रैफिक पुलिस और जिला पुलिस के जवान भयानक गर्मी होने के बाद भी सड़कों पर उतरकर यातायात को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं. उत्तराखंड की धामी सरकार लगातार यात्रियों की सुविधा को लेकर काम कर रही है. सीएम पुष्कर सिंह धामी के साफ निर्देश हैं कि देवभूमि आने वाले किसी भी यात्री को समस्याओं का सामना न करना पड़े.
यह भी पढ़ें- राम मंदिर में चोरी का मामला गरमाया! ट्रस्ट ने CM योगी से की SIT जांच की मांग; अफवाहों के बीच बढ़ा विवाद
