PM Kisan 23rd installment: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त को लेकर देश के करोड़ों किसानों का इंतजार अब खत्म होने वाला है. केंद्र सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना की किस्त जारी करने की तारीख का आधिकारिक तौर पर ऐलान कर दिया है. माना जा रहा है कि हर बार की तरह ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही 23वीं किस्त भी जारी करेंगे. इससे पहले अब तक कुल 22 किस्त जारी हो चुकी हैं. जानते हैं किस दिन पात्र किसानों के बैंक खातों में 2000 रुपये सीधे ट्रांसफर किए जाएंगे.
20 जून को जारी होगी 23वीं किस्त
आगामी 20 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के पात्र किसानों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए ₹2,000 की राशि सीधे ट्रांसफर करेंगे. इससे पहले बीते 13 मार्च को सरकार ने योजना की 22वीं किस्त जारी की थी.
इन 3 वजहों से रुक सकता है पैसा
अगर आप भी इस योजना के लाभार्थी हैं, तो यह बेहद जरूरी है कि आपके खाते का स्टेटस पूरी तरह क्लियर हो. सरकार ने साफ कर दिया है कि निम्नलिखित शर्तें पूरी नहीं होने पर किसानों के खाते में पैसे नहीं भेजे जाएंगे.
1-ई-KYC है अनिवार्य- जिन किसानों ने अभी तक अपने खाते की ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें 23वीं किस्त का लाभ नहीं मिलेगा.
2- फार्मर आईडी-उत्तर प्रदेश समेत देश के 14 राज्यों में अब ‘फार्मर आईडी’ अनिवार्य कर दी गई है. इसे बनवाने की आखिरी तारीख 30 जून तय की गई है.
3-आधार और NPCI लिंकिंग- आपका बैंक खाता आपके आधार कार्ड से जुड़ा होना चाहिए और साथ ही वह NPCI (National Payments Corporation of India) से सीडेड होना जरूरी है.
4-भू-सत्यापन-आपके बैंक खाते और पीएम किसान पोर्टल पर आपके जमीन के दस्तावेजों का सत्यापन होना अनिवार्य है.
जानिए क्या है पीएम किसान योजना?
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2019 को हुई थी. इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. यह राशि 2000 रुपये की तीन बराबर किस्तों में किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है. अब तक 22 किस्तें जारी की जा चुकी हैं और अब 20 जून को 23वीं किस्त आने वाली है.
ये भी पढ़ें: लखनऊ में मेट्रो विस्तार को हरी झंडी, 30 हजार करोड़ का मेगा प्लान! जल्द दौड़ेगी मेट्रो
