गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे सूबे को झकझोर कर रख दिया है. यहां एक 16 साल के नाबालिग लड़के ने अपने ही सगे बड़े भाई, भाभी और महज 3 साल के मासूम भतीजे की बेरहमी से हत्या कर दी. यह घटना बासगांव थाना क्षेत्र के बलुआ गांव में सुबह तीन बजे की बताई जा रही है. सूचना मिलते ही एसएसपी, एसपी दक्षिणी समेत भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और कत्ल में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है.
गोरखपुर में तिहरा हत्याकांड
एक ही घर में तीन लाशें मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. जानकारी के अनुसार, यह रूह कंपा देने वाला तिहरा हत्याकांड गोरखपुर के बासगांव थाना क्षेत्र के बलुआ गांव में हुआ. बताया जा रहा है कि आरोपी नाबालिग भाई का अपने बड़े भाई और भाभी से रात को किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. रात जब पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था, तभी उसने घर में रखी तेज धारदार हथियार से अपने बड़े भाई, भाभी और उनके 3 वर्षीय अबोध बच्चे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. हमला इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई. मृतकों में अमित गुप्ता, उनकी पत्नी रंजना गुप्ता और 3 वर्षीय बेटा श्रेयांश गुप्ता शामिल है. अमित गुप्ता के पिता हरिलाल की तहरीर पर बांसगांव पुलिस एफआईआर दर्ज कर ली हई है. आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस हिरासत में नाबालिग भाई
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी SP दक्षिणी दिनेश पूरी के मुताबिक, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी नाबालिग मौके से भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी करके उसे हिरासत में ले लिया है. पुलिस की शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी भाई ने भाई-भाभी से संपत्ति या किसी अन्य व्यक्तिगत बात की रंजिश थी. पुलिस परिवार के अन्य सदस्यों और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है.
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जांच के बाद हत्या में प्रयुक्त हथियार भी पुलिस ने बरामद कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी नाबालिग है, इसलिए जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के नियमों के तहत आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
