Aligarh Chandrachur Singh property dispute: बॉलीवुड अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह एक बार फिर अपनी पैतृक संपत्ति और हेरिटेज हवेली से जुड़े विवाद को लेकर अलीगढ़ में प्रशासनिक अधिकारियों की चौखट पर पहुंचे हैं. अभिनेता ने आरोप लगाया कि फर्जी वसीयत के आधार पर उनकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है उसके साथ ही एक हेरिटेज हवेली पर भी कब्जे की कोशिश हो रही है.अभिनेता ने अपने भाई अभिमन्यु सिंह के साथ कलेक्ट्रेट और एसएसपी कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और मामले में निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग कीहै.
हेरिटेज हवेली पर अवैध कब्जा का लगाया आरोप
जलालपुर स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा फर्जी वसीयत तैयार कर उनकी कीमती जमीन और एक ऐतिहासिक हेरिटेज हवेली पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है. अभिनेता का कहना है कि उनकी पैतृक संपत्ति को खुर्द-बुर्द करने की साजिश रची जा रही है, जिसमें कुछ स्थानीय नेताओं की भूमिका भी सामने आ रही है.
छह महीने में दूसरी बार
आपको बता दें कि पिछले 6 महीने के भीतर यह दूसरा मौका है जब अभिनेता को अपनी शिकायत लेकर अधिकारियों के पास आना पड़ा है. चंद्रचूड़ सिंह ने बताया कि उन्होंने कलेक्ट्रेट और एसएसपी कार्यालय में अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया है. वहीं, उनके भाई अभिमन्यु सिंह ने बताया कि यह पूरा मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है और उन्हें जिला प्रशासन व न्यायपालिका से निष्पक्ष कार्रवाई की पूरी उम्मीद है. अधिकारियों ने अभिनेता को पूरे मामले की गहराई से जांच कराकर उचित कानूनी कदम उठाने का भरोसा दिया है. उन्होंने कहा कि जल्द न्याय मिलने की उम्मीद है.
कौन है चंद्रचूड़ सिंह
चंद्रचूड़ सिंह एक भारतीय अभिनेता हैं जो मुख्य रूप से हिंदी सिनेमा में अपनी भूमिकाओं के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने 1996 में फिल्म ‘माचिस’ से अपने करियर की शुरुआत की और ‘जोश’ (2000) तथा ‘क्या कहना’ (2000) जैसी सफल फिल्मों में अपने अभिनय से अपार लोकप्रियता हासिल की.
