केंद्र सरकार ने दिल्लीवासियों के सफर को और आसान बनाने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है. दरअसल, दिल्ली में ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-148AE पर 6 लेन की सुरंग सड़क बनाने की योजना पर मंजूरी दी जा चुकी है. केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति यानी CCEA ने इस सुंरग सड़क को बनाने की मंजूरी दी है.
किस रुट के व्यक्ति को मिलेगी राहत
दरअसल, इस प्रोजेक्ट में नए कॉरिडोर द्वारका एक्सप्रेसवे को वसंत कुंज के नेल्सन मंडेला मार्ग से जोड़ दिया जाएगा. ऐसा करने पर पश्चिमी और दक्षिणी दिल्ली के बीच की यात्रा करने का समय काफी कम हो जाएगा. सरकार इस योजना पर 6,969.67 करोड़ रुपये खर्च करने वाली है. छतरपुर और दक्षिणी दिल्ली में यात्रा करने वाले लोगों को रास्ते में ट्रैफिक कम मिलेगा. वहीं, गुरुग्राम, द्वारका, पश्चिमी दिल्ली और आईजीआई एयरपोर्ट से वसंत कुंज में सफर करने वाले लोगों को जाम से मुक्ति मिलेगी. शिवमूर्ति इंटरचेंज से शुरू हुई टनल नेल्सन मंडेला मार्ग महिपालपुर-छतरपुर रोड पर जाकर खत्म होगी.
आधुनिक तरीके से सड़क का निर्माण
दरअसल, योजना में आधुनिक टनल बोरिंग मशीन की मदद ली जाएगी. इसमें ट्विन ट्यूब टनल लगाई जाएगी, जिसका करीब 1.98 km पार्ट रंगपुरी के दक्षिणी दिल्ली रिज के नीचे से निकाला जाएगा. ऐसा करने से पर्यावरण पर बोझ कम पड़ेगा. नेल्सन मंडेला मार्ग पर महिपालपुर-छतरपुर रोड के चौराहे पर लगने वाले ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए 1.8 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड को बनाया जाएगा. नए फ्लाईओवर के साथ-साथ दाएं तरफ मुड़ने वाली गाड़ियों के लिए एलिवेटेड यू-टर्न भी बनाया जाएगा.
हालांकि, केवल इसी रुट के सफर को नहीं बल्कि पूर्वी दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के सफर को भी बेहतर बनाने के लिए एनएचएआई से महिपालपुर पर एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है. इस नए टनल को बारापुला एलिवेटेड से जोड़ा जाएगा. हालांकि, इससे केवल सफर ही नहीं बल्कि रोजगार के बढ़ने की भी संभावना जताई जा रही है.
ये भी पढ़ें: भरत तिवारी एनकाउंटर केस: आरोपी SDPO राजेश कुमार शर्मा को एक हफ्ते के अंदर मिली नई जिम्मेदारी, गरमाई सियासत
