Ram Mandir donation scam: जेल की सलाखों के पीछे बंद लवकुश के खिलाफ अब अयोध्या विकास प्राधिकरण ने भी बड़ा मोर्चा खोल दिया है. आरोपी की पत्नी के नाम पर सोहावल तहसील के अंतर्गत बन रहे एक आलीशान निर्माणाधीन मकान पर प्राधिकरण ने नियमों के उल्लंघन को लेकर नोटिस जारी कर दिया है. एडीए ने निर्माण कार्यों में नियमों के उल्लंघन पर जवाब मांगा है, और उचित जवाब या नक्शा न मिलने पर इस अवैध निर्माण पर बुलडोजर भी चलाया जा सकता है.
बिना नक्शा पास कराए बना था मकान
जानकारी के अनुसार, अयोध्या-लखनऊ हाईवे के पास स्थित बनीपुर गांव (सोहावल तहसील) में आरोपी लवकुश मिश्रा की पत्नी सुप्रिया मिश्रा के नाम पर साल 2025 में करीब 8.8 लाख रुपये में एक जमीन खरीदी गई थी. इस जमीन पर बिना किसी प्रशासनिक मंजूरी और बिना नक्शा पास कराए लगभग 25 लाख रुपये की भारी-भरकम लागत से एक आलीशान दो मंजिला मकान का निर्माण कराया जा रहा था. प्राधिकरण की टीम अब इस पूरे अवैध निर्माण को ढहाने की तैयारी में है.
बनीपुर गांव में इस आलीशान घर के निर्माण कार्य को फिलहाल रोक दिया गया है. आरोपी के पड़ोसी राजकुमार मिश्रा ने मौके पर बताया, कल पुलिस की टीम और विकास प्राधिकरण के अधिकारी यहाँ आए थे. उन्होंने घर के अंदर और बाहर काफी नाप-जोख (माप) का काम किया है और नोटिस चस्पा किया है. इस संभावित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से आस-पास के ग्रामीणों और पड़ोसियों में भी भारी डर का माहौल है. पड़ोसी राजकुमार मिश्रा ने अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि यह मकान अन्य रिहायशी घरों से बिल्कुल सटा हुआ है. अगर प्रशासन यहां सीधे बुलडोजर की कार्रवाई करता है, तो आस-पास के अन्य निर्दोष लोगों के घरों को भी गंभीर नुकसान पहुंच सकता है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि यहाँ बुलडोजर न चलाकर किसी अन्य कानूनी माध्यम या जब्तीकरण के जरिए इस अवैध निर्माण की रिकवरी की जाए.
ये भी पढ़ें: उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच पुलिस का अलर्ट, माता-पिता से की खास अपील
