अमरनाथ यात्रा को लेकर सुरक्षा एजेंसियों को खुफिया इनपुट मिला है. पाकिस्तान के आतंकी हैंडलर अमरनाथ यात्रा को निशाना बनाने के लिए साजिश रच रहे हैं. हैंडलर कठुआ और सांबा सेक्टर से ड्रोन के जरिए हथियार गिराने की योजना बना रहे हैं.

अमरनाथ यात्रा को लेकर खुफिया इनपुट
अमरनाथ यात्रा को लेकर देशभर के श्रद्धालुओं में जोरदार जोश देखा जा रहा है. अब इस यात्रा को लेकर सुरक्षा एजेंसियों को बड़ा इनपुट मिला है. बताया जा रहा है कि पाकिस्तान स्थित आतंकी हैंडलर जम्मू संभाग के अंतरराष्ट्रीय सीमा (IB) से सटे कठुआ और सांबा में ड्रोन के जरिए हथियार और गोला-बारूद को गिराने की साजिश को रच रहे हैं. इसको लेकर सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं.
सियालकोट में देखी गई आतंकी गतिविधियां
बताया जा रहा है कि पिछले 2-3 दिनों के अंदर पाकिस्तान के सियालकोट जिले के बदाला गुजरां इलाके में आतंकी हैंडलरों की गतिविधियां देखी गई हैं. माना जा रहा है कि इस दौरान भारतीय सीमा में हथियार पहुंचाने की योजना बनाई गई है. आशंका जताई जा रही है कि अगले 2-3 हफ्तों में सांबा और कठुआ में ड्रोन के जरिए हथियार गिराए जाने की कोशिश हो सकती है.
तलाशी अभियानों में तेजी
माना जा रहा है कि इन हथियारों का इस्तेमाल अमरनाथ यात्रा को निशाने पर लेने की कोशिश में किया जा सकता है. इस इनपुट के मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर निगरानी और तलाशी अभियानों को तेज कर दिया है. साथ ही ड्रोन रोधी तकनीक, गश्त और इलेक्ट्रॉनिक निगरानी को भी बढ़ाया गया है, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि को तुरंत ही नाकाम किया जा सके.
माहौल खराब करनी की हो सकती कोशिश
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यात्रा के दौरान आतंकी माहौल खराब करने की कोशिश कर सकते हैं. इसके कारण यात्रा मार्ग, बेस कैंप और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को पहले से काफी मजबूत कर दिया गया है. सुरक्षा एजेंसियां लगातार अलर्ट मोड पर हैं. फिलहाल सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि इस खुफिया इनपुट को एहतियात के तौर पर लिया गया है.
यह भी पढ़ें- WhatsApp यूजरनेम फीचर पर बढ़ा विवाद! सरकार के नोटिस पर कंपनी ने दिया जवाब; कहा- अभी तक यह…
