महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. दरअसल, यहां पर मैट्रिमोनियल साइट के जरिए एक व्यक्ति ने महिला से 41.25 लाख रुपये की धोखाधड़ी और दुष्कर्म को अंजाम दिया है. 38 वर्षीय शख्स ने खुद को करोड़पति बताकर महिला के साथ धोखाधड़ी की है. मामला कोल्सेवाड़ी पुलिस स्टेशन का है.
पुलिस की दी जानकारी के मुताबिक, 36 वर्षीय पीड़िता कल्याण पूर्व इलाके में अपने बच्चे के संग में रहती है. वह अपने पति से तलाक लेकर अलग हो चुकी है. अपने जीवन में एक नए जीवनसाथी की खोज के लिए उसने मैट्रिमोनियल साइट पर प्रोफाइल बनाई. वेबसाइट पर उसकी मुलाकात आरोपी से हुई. उसने मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर फर्जी प्रोफाइल बनाया हुआ था. खुद को उसने एक अमीर होटल का व्यवसायी और सिविल इंजीनियर बताया था. आरोपी नंदुरबार का रहने वाला है.
आरोपी ने महिला से वादा किया था कि वह उससे शादी करेगा. साथ ही उसके बच्चे को भी अपना लेगा. प्यारी-प्यारी बातें कर उसने महिला से करीब 41 लाख 25 हजार रुपये ठगें. हालांकि, ठगी पर ब्रेक केवल पैसे लेकर ही नहीं रुका. आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों को तैयार कर महिला की एक कार बेच दी. उसके बाद दूसरी गाड़ी पर भी अवैध रूप से कब्जा कर लिया.
महिला को अपनी प्यारी बातों में फंसाकर आरोपी ने कई बार दुष्कर्म को अंजाम दिया. उसने नवी मुंबई के पनवेल वाले होटल और महिला के कल्याण में स्थित घर में कई बार पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाए. महिला ने आरोपी के ऊपर धोखाधड़ी और दुष्कर्म के तहत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है. पुलिस ने संभावना जताई है कि आरोपी ने पहली बार नहीं बल्कि कई बार ऐसे मामलों को अंजाम दिया है. फिलहाल आरोपी फरार है. टीम बनाकर उसे पकड़ने की कोशिश की जा रही है.
ये भी पढ़ें: इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, खेल मैदान में नहीं चलेगा व्यापार, विकास प्राधिकरण को लगाई फटकार…
