Uttar Pradesh tree plantation: प्रदेश में रविवार को पर्यावरण संरक्षण के लिए अब तक का सबसे बड़ा पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा. ”एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पूरे प्रदेश में एक ही दिन में 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है. इस विशाल जन-आंदोलन और ‘पौधरोपण महायज्ञ-2026’ का आधिकारिक शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद गोरखपुर से करेंगे. सरकार का कहना है कि यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन से मुकाबले का व्यापक अभियान बनाया जाएगा.
सीएम योगी गोरखपुर से शुरुआत करेंगे
मुख्यमंत्री योगी रविवार सुबह गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के समीप और ताल रिंग रोड के किनारे इस अभियान का नेतृत्व करेंगे. सीएम योगी लिंक एक्सप्रेसवे के पास सबसे पहले पवित्र त्रिवेणी (नीम, पीपल और बरगद) का पौधा लगाकर प्रदेशव्यापी अभियान का शंखनाद करेंगे. इस दौरान उनके साथ प्रदेश के वन और पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना भी उपस्थित रहेंगे. अकेले गोरखपुर जिले को इस महाअभियान के तहत 55.28 लाख पौधे लगाने की जिम्मेदारी दी गई है.
मैदान में उतरी पूरी कैबिनेट
मुख्यमंत्री योगी के निर्देशानुसार, इस अभियान को पूरी जनसहभागिता के साथ एक उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है. इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार के मंत्रियों को अलग-अलग जनपदों का जिम्मा सौंपा गया है. उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य झांसी में रहकर कमान संभालेंगे. उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक राजधानी लखनऊ में पौधरोपण करेंगे. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी लखनऊ में ही इस अभियान का हिस्सा बनेंगे. बीएल शर्मा बंदायू में पौधारोपण करेंगे. जितिन प्रसाद पीलीभीत में पौधारोपण करेंगे.
डिजिटल निगरानी की भी व्यवस्था
इस बार केवल पौधे लगाने पर ही जोर नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा और जीवित रहने की दर बढ़ाने के लिए भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. लगाए गए सभी पौधों की सुरक्षा के साथ-साथ वृक्षारोपण की प्रक्रिया को ऑनलाइन पोर्टल पर भी अपलोड किया जा रहा है, ताकि इसकी पूरी पारदर्शिता और निगरानी बनी रहे. इस अभियान में आम जनता, सामाजिक संगठनों और विभिन्न सरकारी विभागों (जैसे वन विभाग, ग्राम विकास, पंचायती राज) को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया गया है.
ये भी पढ़ें: युवाओं को 90 दिन में मिलेगी नौकरी!यूपी कौशल विकास मिशन का कंपनियों पर कड़ा एक्शन, AI रखेगा नजर
