जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर अमरनाथ यात्रियों की 2 बसें आपस में टकरा गईं. इस हादसे में एक कार भी चपेट में आई है. घटना में 18 श्रद्धालु घायल हुए हैं. प्रशासन ने तुरंत ही राहत-बचाव ऑपरेशन शुरू करके घायलों को अस्पताल पहुंचाया है.

आपस में भिड़ीं अमरनाथ यात्रियों की बसें
जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर पहलगाम जा रहे अमरनाथ यात्रियों के काफिले की 2 बसें आपस में बुरी तरह से टकराई हैं. बताया जा रहा है कि इस दौरान हादसे की चपेट में एक कार भी आई है. इस घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया. इस हादसे में घायल लोगों को तुरंत ही इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया.
18 श्रद्धालु हुए घायल
जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना सोमवार सुबह लगभग 7.20 बजे चंदरकोट लंगर पॉइंट के पास हुई है. इस हादसे में कुल 18 श्रद्धालु घायल हुए हैं. इस मामले में जानकारी देते हुए रामबन के डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद अलयास खान ने बताया कि यह दुर्घटना जेकेआरटीसी (JKRTC) की 2 बसों के आप में टकराने के कारण हुआ है. बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी तेज थी कि इस दौरान एक कार भी चपेट में आ गई और बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई.
मौके पर जवानों ने संभाला मोर्चा
नेशनल हाईवे पर इस दुर्घटना के बाद चीख-पुकार मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत बचाव कार्य को शुरू करके सभी घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया गया. जानकारी के मुताबिक इस दौरान नागरिक प्रशासन, सीआरपीएफ (CRPF), सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवानों ने मिलकर मोर्चा संभाला.
यातायात हुआ प्रभावित
बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षा बलों ने कार और बस में फंसे अमरनाथ यात्रियों को बाहर निकाला. इस घटना के कारण जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा है. दुर्घटनाग्रस्त बसों और कार को क्रेन की मदद से हटाया गया. इस यात्रा मार्ग पर निगरानी को बढ़ा दिया गया है, जिससे आगे किसी तरह की कोई परेशानी न हो पाए.
यह भी पढ़ें- 17 से 5 KMPL का दावा! एथेनॉल पेट्रोल पर बयान से विवादों में घिरे सौरभ जोशी; यूट्यूबर की संपत्ति पर उठे सवाल
