Monsoon Rain Alert: उत्तर प्रदेश में 21 जुलाई 2026 को मौसम विभाग (IMD) ने भारी से बहुत भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है.राज्य के कई हिस्सों, खासकर अलीगढ़, मथुरा, आगरा, कानपुर, प्रयागराज, अयोध्या, वाराणसी और गोरखपुर में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना है. बात करें तापमान की तो अधिकतम 31°C के आसपास रहने का अनुमान है. नोएडा में रात से बारिश की फुहारें पड़ रही हैं.
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में कल भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में 21 जुलाई को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की संभावना है. 22-24 जुलाई के दौरान भी बारिश का अनुमान है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20-22 जुलाई के दौरान कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की संभावना है.
मध्य व पूर्वी उत्तर प्रदेश का मौसम
लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, अयोध्या और वाराणसी में भी रुक-रुक कर भारी बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है.दिन का अधिकतम तापमान 31°C और रात का न्यूनतम तापमान 27°C के करीब दर्ज किया जा सकता है. भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है, इसलिए यात्रा करने से पहले मौसम की स्थिति जांच लें.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश का मौसम अपडेट
अलीगढ़, मथुरा, आगरा, एटा और फिरोजाबाद जैसे जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है.
नोएडा-गाजियाबाद का हाल
नोएडा और गाजियाबाद में आज (21 जुलाई 2026) बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. पिछले दिनों हुई मानसूनी बारिश के कारण क्षेत्र में उमस (ह्यूमिडिटी) काफी अधिक बनी हुई है. दोनों शहरों में आज अधिकतम तापमान 30°C से 34°C और रात का न्यूनतम तापमान 27°C के आसपास रहेगा.दिन भर आसमान में मुख्य रूप से घने बादल छाए रहेंगे. दोपहर और शाम के समय गरज के साथ तेज बौछारें पड़ने की उम्मीद है. मौसम विभाग के अनुसार, 22 और 23 जुलाई को बारिश की गतिविधियों में और तेजी आएगी, जिससे तापमान में थोड़ी और गिरावट आ सकती है.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तानी गैंगस्टर के संपर्क में था बलरामपुर का शहरेज, युवाओं के ब्रेनवॉश और जासूसी के आरोप में ATS ने किया गिरफ्तार
