मध्य प्रदेश के मोघाट रोड क्षेत्र में पुलिस ने 40 साल बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने साल 1986 में एक युवती के साथ छेड़छाड़ की थी, जिस मामले में अब उसे गिरफ्तार करके फिर से जेल भेजा गया है.
मध्य प्रदेश के मोघट रोड थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां जवानी के दिनों में युवती से छेड़छाड़ करने वाला एक आरोपी लगभग 40 साल बाद पुलिस की गिरफ्त में आया है. गिरफ्तारी के समय आरोपी की उम्र 64 साल की हो चुकी है. 40 साल तक पुलिस और अदालत की आंखों में धूल झोंकने वाला यह आरोपी अब जेल पहुंच गया है.
साल 1986 का है मामला
मोघट रोड पुलिस के मुताबिक साल 1986 में संजय नगर निवासी अशोक कुमार के खिलाफ एक महिला ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया था. उस समय अशोक की उम्र करीब 24 साल थी. पुलिस ने तब उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था, जहां से उसे जमानत मिल गई थी. हालांकि जमानत मिलने के बाद अशोक अदालत में होने वाली किसी भी पेशी पर उपस्थित नहीं हुआ और लगातार फरार रहा. जिसके कारण अदालत ने उसके खिलाफ स्थाई वारंट जारी कर दिया था, जिसके बाद से ही मोघट रोड पुलिस उसकी तलाश कर रही थी.
40 सालों में बदल गया हुलिया
जानकारी के मुताबिक 40 सालों के लंबे अंतराल में आरोपी अशोक का चेहरा और शारीरिक हुलिया पूरी तरह से बदल चुका था. पुलिस जब उसके पुराने ठिकानों जैसे जलेबी चौक स्थित कटिंग की दुकान और संजय नगर स्थित मकान पर पहुंची, तो वहां ताला लटका मिला. इसी दौरान टीआई विकास खिंची और हेड कांस्टेबल रफीक खान को सूचना मिली कि 64 साल का अशोक बस स्टैंड के पास संचालित गन्ने की चरखी की दुकान में रह रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे दबोच लिया.
उम्र के साथ बढ़ी भूलने की बीमारी
गिरफ्तार होने के बाद जब पुलिस ने उससे 40 साल पुराने छेड़छाड़ के मामले के बारे में पूछताछ की, तो इस दौरान आरोपी ने अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि उसे इतना पुराना मामला याद नहीं है. उसने कहा कि उसे यह भी याद नहीं आ रहा कि उसने किस युवती के साथ छेड़छाड़ की थी. पुलिस के मुताबिक उम्र बढ़ने के कारण आरोपी को भूलने की समस्या भी है. फिलहाल, पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है.
