हरियाणा के पूर्व कृषि मंत्री जसविंदर सिंह संधू के 48 वर्षीय बेटे गगनजोत संधू ने आत्महत्या कर ली. जानकारी कस मुताबिक पंजाब के रोपड़ स्थित फार्म हाउस पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. घटना के वक्त वह फार्म हाउस पर अकेले थे.
हरियाणा के पूर्व मंत्री स्वर्गीय जसविंदर सिंह संधू के बेटे गगनजोत संधू ने शुक्रवार को पंजाब के रोपड़ जिले में स्थित अपने फार्म हाउस पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. गगनजोत की उम्र 48 साल थी. जानकारी के मुताबिक घटना के दौरान वह फार्म हाउस पर अकेले थे. वह सुबह ही रोपड़ पहुंचे थे. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
घटना के समय अकेले थे गगनजोत
जानकारी के मुताबिक गगनजोत संधू का फार्म हाउस रोपड़ जिले के पखराली गांव में स्थित है. शुक्रवार को वह सुबह यहां पहुंचे थे. फार्म हाउस पहुंचने के कुछ समय बाद उन्होंने खुद को गोली मार ली. बताया जा रहा है कि घटना के समय फार्म हाउस पर उनके अलावा कोई और मौजूद नहीं था. घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की. आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
2 बार सरपंच रहे गगनजोत
आपको बता दें कि गगनजोत संधू कुरुक्षेत्र के गुमथला गढ़ू गांव की राजनीति में भी सक्रिय रहे थे. वह गांव के दो बार सरपंच भी रह चुके थे. गांव में सरपंच रहते हुए उन्होंने स्थानीय स्तर पर काम किया. उनके परिवार की भी इलाके की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय भूमिका रही है. गगनजोत के पिता जसविंदर सिंह संधू भी हरियाणा की राजनीति में बड़ा नाम थे. वह पिहोवा विधानसभा सीट से चार बार विधायक चुने गए थे.
चौटाला सरकार में रहे थे कृषि मंत्री
आपको बता दें कि जसविंदर सिंह संधू को पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला की सरकार में कृषि मंत्री की जिम्मेदारी दी गई थी. उन्होंने प्रदेश सरकार में महत्वपूर्ण पद संभाला था. संधू परिवार का हरियाणा की राजनीति में खास प्रभाव रहा है. जानकारी के मुताबिक जसविंदर सिंह संधू का साल 2019 में निधन हो गया था. वह लंबे समय से लीवर कैंसर से जूझ रहे थे. उनके निधन के बाद भी परिवार का राजनीतिक और सामाजिक जुड़ाव क्षेत्र में बना रहा.
मामले में जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल अभी तक यह सामने नहीं आया है कि गगनजोत संधू ने यह कदम क्यों उठाया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों को जुटाया जा रहा है. फिलहाल इस मामले में फार्म हाउस पर घटना के वक्त उनके अकेले होने की बात सामने आई है. गगनजोत संधू के इस कदम से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है. पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और आत्महत्या की वजह का पता चल सकेगा.
