दिल्ली के बदरपुर थाना क्षेत्र में एक 31 साल की महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर महिला का शव बंद कमरे से बरामद हुआ. परिजनों को कमरे का ताला तोड़कर शव निकलना पड़ा. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
राजधानी दिल्ली के बदरपुर थाना इलाके के गौतमपुरी में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक महिला की पहचान 31 साल की यशोदा के रूप में हुई है. पुलिस को दोपहर करीब 12:15 बजे महिला की हत्या की आशंका को लेकर पीसीआर कॉल मिली थी. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो यशोदा एक कमरे के अंदर मृत अवस्था में मिली.
कमरे के अंदर मिला शव
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि यशोदा गौतमपुरी में अपने पति मनोज और 5 साल के बच्चे के साथ रहती थी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि यशोदा सोमवार रात अपने पिता के घर गई थी. वह लगभग 11:30 बजे वापस अपने कमरे में लौटी थी. मंगलवार सुबह उसका कमरा बाहर से बंद मिला. इस पर परिजनों को शक हुआ. यशोदा के पिता ने ताला तोड़कर कमरे को खोला तो अंदर उनकी बेटी मृत मिली.
पुलिस ने शुरू की जांच
इस घटना की सूचना मिलते ही बदरपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. पुलिस ने परिजनों से संपर्क करके उनके बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं. घटनास्थल पर क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है. टीम ने कमरे और आसपास के इलाके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं.
पोस्टमार्टम के आधार पर होगी कार्रवाई
मामले में अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यशोदा की मौत किन परिस्थितियों में हुई. मामले में उसके पति मनोज की भूमिका की भी जांच की जा रही है. हालांकि, अभी तक पुलिस ने किसी व्यक्ति को आरोपी घोषित नहीं किया है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस जुटा रही सबूत
इस घटना को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही साफ हो सकेगा. फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ करने के साथ साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच भी कर रही है. साथ ही महिला के सोमवार रात घर लौटने से लेकर मंगलवार सुबह कमरे में शव मिलने तक की परिस्थितियों को भी खंगाला जा रहा है.
