पटना में रेलवे अधिकारी के बंगले में चोरी जैसी बड़ी घटना हुई हुई है. बताया जा रहा है कि चोरों ने बंगले का ताला तोड़कर लगभग 3 लाख रुपए नकद और 13 लाख रुपए के गहने चोरी कर लिए.
बिहार की राजधानी पटना से एक हैरान कर देने वाला मामला
सामने आया है. पटना के दानापुर-खगौल इलाके में चोरों ने रेलवे अधिकारी के बंगले को निशाना बनाया. बताया जा रहा है कि चोर बंगले का ताला तोड़कर लगभग 16 लाख रुपए की नकदी और गहने चोरी करके फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है.
ड्यूटी पर तैनात थे अधिकारी
जानकारी के मुताबिक पीड़ित विजय प्रकाश रेलवे मुख्यालय हाजीपुर में जोनल सीनियर इंजीनियर के पद पर तैनात हैं. वह मूल रूप से मधुबनी जिले के रहने वाले हैं. विजय प्रकाश ने खगौल थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दी है. शिकायत के मुताबिक 13 सितंबर को चौठचंद (तीज) पर्व के मौके पर उनका परिवार पूजा के लिए एक रिश्तेदार के घर गया था. इसके बाद 14 सितंबर की सुबह लगभग 10 बजे उन्होंने अपने बंगले और मुख्य गेट पर ताला लगाया और ड्यूटी के लिए हाजीपुर चले गए.
पुलिस को दी सूचना
विजय प्रकाश के मुताबिक वह देर रात ड्यूटी से वापस बंगले पर पहुंचे. इस दौरान मुख्य गेट और कमरों के ताले टूटे हुए थे. घर के अंदर जाकर देखा तो आलमारी और कमरे में सामान बिखरा पड़ा था. जांच करने पर पता चला कि घर में रखी नकदी और जेवरात गायब हैं. इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी.
13 लाख के गहनों के साथ 3 लाख कैश गायब
जानकारी के मुताबिक पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आलमारी में करीब 3 लाख रुपए नकद रखे थे. इसके अलावा करीब 13 लाख रुपए की कीमत के सोने-चांदी के गहने भी रखे हुए थे. चोर इन सभी सामान को लेकर फरार हो गए. फिलहाल जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस चोरी के तरीके और चोरों के आने-जाने के रास्ते की भी जांच कर रही है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई. इसके बाद खगौल थाना पुलिस ने जांच शुरू की. खगौल थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. पुलिस को उम्मीद है कि CCTV फुटेज से चोरों की पहचान करने में मदद मिल सकती है.
