गुरुग्राम के हिट एंड रन मामले में एक नई बात सामने आयी है. पुलिस के मुताबिक आरोपी कल्याण बैसला घटना से पहले क्लब से पार्टी करके निकला था. पुलिस क्लब के CCTV फुटेज को खंगाल रही है.
गुरुग्राम के हिट एंड रन मामले की जांच में पार्टी कनेक्शन सामने आया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी कल्याण बैसला अपने 3 दोस्तों के साथ सेक्टर-25 स्थित एम्पायर क्लब बार एंड लाउंज में पार्टी करने गया था. बताया जा रहा है कि चारों रात करीब 12 बजे क्लब पहुंचे और सुबह 5 बजे के बाद तक वहां मौजूद रहे. इसके बाद सभी क्लब से बाहर निकले और गोल्फ कोर्स रोड की तरफ गए.
रोड पर हुई कहासुनी
पुलिस के मुताबिक क्लब से निकलने के बाद गोल्फ कोर्स रोड पर उनकी सिया नाम की युवती से कहासुनी हुई. इसी के बाद यह पूरी हिट एंड रन की घटना हुई. पुलिस अब पार्टी से लेकर घटना तक की पूरी कड़ी को जोड़ने में जुटी है.
पुलिस ने क्लब से मांगा CCTV फुटेज
अब इस मामले में जांच के तहत गुरुग्राम पुलिस ने एम्पायर क्लब से CCTV फुटेज मांगी है. पुलिस ने घटना वाली तारीख का DVR डेटा उपलब्ध कराने के लिए क्लब प्रबंधन को नोटिस भी दिया है. आपको बता दें कि माना जा रहा है कि CCTV फुटेज से यह पता लगाने में मदद मिल सकती है कि आरोपी और उसके साथ मौजूद अन्य लोग किस समय क्लब पहुंचे, कितनी देर वहां रहे और किस वाहन से बाहर निकले. पुलिस इस मामले में पार्टी के दौरान और क्लब से निकलने के बाद आरोपियों की गतिविधियों से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है. इसके लिए क्लब के CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध रिकॉर्ड को जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है.
2 और लोगों को भी नोटिस
आपको बता दें कि मामले में पुलिस ने घटना के समय गाड़ी में मौजूद दो अन्य लोगों को भी पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है. पुलिस अब इन दोनों से घटना से पहले और बाद की परिस्थितियों को लेकर जानकारी जुटाएगी. पुलिस इसके साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश करेगी कि गोल्फ कोर्स रोड पर कहासुनी के दौरान वास्तव में क्या हुआ था.
