फरीदाबाद में पिटबुल ब्रीड के कुत्ते ने एक बच्चे पर साइकिल चलाते समय हमला कर दिया. इस हमले में बच्चा बुरी तरह घायल हो गया. जानकारी के मुताबिक कुत्ते ने बच्चे के पैरों में 10-12 जगह नोंचा. परिजन बच्चे को तुरंत ही अस्पताल लेकर दौड़े.
हरियाणा के फरीदाबाद से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां एक बार फिर से पिटबुल कुत्ते का कहर देखने को मिला है. फरीदाबाद के सेक्टर एनआईटी-3 बी ब्लॉक में पिटबुल ब्रीड के एक कुत्ते ने गली में साइकिल चला रहे 12 साल के बच्चे पर हमला कर दिया. इस दौरान देखते ही देखते कुत्ते ने बच्चे को 10-12 स्थानों पर बुरी तरह नोंच खाया. घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई. घटना के बाद परिजनों ने बच्चे को अस्पताल पहुंचाया. जहां बच्चे को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है.
पीछे से अचानक किया हमला
जानकारी के मुताबिक एनआईटी-3 बी ब्लॉक के निवासी जितेन्द्र का 12 साल का बेटा ग्रंथ शाम के समय अपनी गली में साइकिल चला रहा था. इसी दौरान पड़ोसी के कुत्ते ने ग्रंथ पर पीछे से हमला कर दिया. अचानक पीछे से हुए हमला होने के करण ग्रंथ को संभलने का भी वक्त नहीं मिला. देखते ही देखते कुत्ते ने उसके दोनों पैरों में 10-12 जगह पर नोंच लिया. बच्चे के पिता ने बताया कि इस दौरान कुत्ते का मालिक वहीं था, लेकिन उसने उनके बेटे को बचाने की कोशिश नहीं की.
पुलिस में दी शिकायत
इस घटना की जानकारी होने पर परिजन तुरंत ही बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे. जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालांकि डॉक्टरों की काफी कोशिश के बाद बच्चे की हालत में सुधार होने लगा है, लेकिन बच्चा अभी भी दहशत है. वहीं घटना को लेकर उसके परिवार वाले भी खौफ में हैं. पीड़ित परिवार ने इस संबंध में अपने पड़ोसी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है. पुलिस के मुताबिक तहरीर के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है.
दिल्ली में 2 दिन पहले ऐसी घटना
आपको बता दें कि दो दिन पहले दिल्ली के तिमारपुर क्षेत्र संगम विहार की गली नंबर-5 में भी इसी तरह की घटना हुई है. यहां एक आवारा कुत्ते ने घर के बाहर खेल रहे बच्चे पर जानलेवा हमला कर दिया. इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि कुत्ता बच्चे के मुंह पर अपना जबड़ा गड़ा दे रहा है. फिर पंजा मारने लगता है. इस घटना में गंभीर रूप से घायल के इलाज के दौरान 15 टांके लगे हैं.
